अयोध्या की भव्य रामलीला
भारतीय लोकमानस में रामलीला के प्रति अगाध श्रद्धा भाव नजर आता है। यह भाव भारत के लोक में रचा बसा है। प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्रि प्रतिपदा से देशभर में रामलीला का मंचन शुरू हो जाता है, जो नवरात्रि के समापन के अगले दिन यानी दशहरे को रावण दहन के साथ समाप्त होती है। रामलीला तब बेहद खास हो जाती है, जब यह भगवान राम की नगरी अयोध्या में आयोजित की जा रही है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष फिर अयोध्या भव्य रामलीला महोत्सव की साक्षी बनने जा रही है। इस बार रामलीला का सातवां संस्करण आयोजित हो रहा है, जिसकी शुरुआत बीते सप्ताह भूमि पूजन के साथ हुई।-प्रस्तुति-सत्यप्रकाश
रामनगरी अयोध्या में इस बार रामलीला का आयोजन बेहद खास है। रामकथा पार्क में भव्य रामलीला के सातवें संस्करण का भूमि पूजन किया गया। यह आयोजन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है, जिसमें अयोध्या सहित पूरे देश के श्रद्धालु शामिल होते हैं। गौरतलब है कि अयोध्या की रामलीला का यह सातवां संस्करण 22 सितंबर से शुरू हो चुका है, जो 2 अक्टूबर को दशहरे पर रावण दहन के साथ समाप्त होगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक रामकथा पार्क में रामलीला का मंचन हो रहा है।
सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि अयोध्या की इस रामलीला का सीधा प्रसारण यूट्यूब और विभिन्न चैनलों पर भी हो रहा है, जिससे देश -विदेश के श्रद्धालु भी इस अद्भुत आयोजन का आनंद ले पा रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि अयोध्या की रामलीला केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी को रामायण के आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। रामलीला का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और अयोध्या की रामलीला के यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश में बैठे लाखों इसे देख रहे है। रामलीला का आयोजन अयोध्या की परंपरा, भव्यता और आस्था का अद्वितीय संगम है। रामकथा की यह गाथा एक बार फिर अयोध्या की धरती से पूरी दुनिया तक पहुंच रही है।
फिल्म जगत की नामचीन हस्तियां निभा रही हैं किरदार
अयोध्या की रामलीला में फिल्म और टीवी जगत के बड़े सितारे मंच पर दिख रहे हैं। राहुल भूचर प्रभु श्रीराम, अर्चना माता सीता, मनीष शर्मा रावण और राजेश पुरी हनुमान की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। वहीं मनोज तिवारी बाली, रवि किशन केवट और बिंदू दारा सिंह भगवान शंकर का रोल निभा रहे हैं। इसके अलावा अवतार गिल सीता के पिता राजा दशरथ की भूमिका निभाते दिखेंगे और राकेश बेदी विभीषण का किरदार अदा कर रहे हैं। वहीं विनय सिंह कुंभकर्ण की भूमिका निभा रहे हैं। पुनीत इस्सर परशुराम का किरदार निभा रहे हैं। रजा मुराद अहिरावण का अभिनय करेंगे। इन नामी कलाकारों के जुड़ने से अयोध्या की रामलीला और भी भव्य हो गई है।
240 फीट रावण दहन और वीआईपी मेहमान
फिल्मी कलाकारों की रामलीला में 2 अक्टूबर को दशहरा में रावण दहन मुख्य आकर्षण होगा। पहली बार 240 फुट के रावण और 190 फुट के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। दिल्ली से आए आठ कारीगरों की टीम रामकथा पार्क के कॉरिडोर में इन पुतलों को तैयार कर रही है। इसमें कुछ मुस्लिम कारीगर भी हैं। मुख्य कारीगर मनोज कुमार ने बताया कि 25 वर्ष से हमारी टीम दिल्ली के विभिन्न रामलीला समिति के लिए कार्य कर रही है। इस बार अयोध्या में है और रावण, मेघनाथ, कुंभकरण के पुतलों के साथ-साथ सोने की लंका भी तैयार कर रहे हैं। अयोध्या की रामलीला समिति के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने दावा किया कि इसमें आधुनिक तकनीक का प्रयोग दर्शकों को रोमांच से भर देगा। अयोध्या में पहली बार ऐसा आयोजन होने जा रहा है। आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को भी आमंत्रित किया गया है। इस भव्य आयोजन के जरिए रामभक्ति की परंपरा और भी मजबूत होने जा रही है। फिलहाल प्रशासन -ने पुतला दहन की अनुमति नहीं दी है।
