UP Monsoon: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आफत बनकर टूटी बारिश, बिजली गिरने से सात की मौत, फसलें तबाह... जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: विदा होने से पहले उत्तर प्रदेश में मानसून ने अपना अचानक जोरदार असर दिखाया है। कई जिलों में हुई बारिश ने जहां उमस से लोगों को राहत दिलायी तो वहीं कई जिलों में बारिश आफत बनकर टूटी। कानपुर, उन्नाव, आगरा, मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में बारिश का कहर देखने को मिला।

कानपुर संवाददाता के मुताबिक, महोबा के थाना महोबकंठ के कनकुआं गांव में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई। कनकुआं गांव निवासी सीतारानी (45) अपनी पुत्री ममता (26) के साथ खेत में मूंगफली उखाड़ने के लिए गई थी। बिजली गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बपरेथा गांव निवासी अरविंद (32) पुत्र कुंवर बहादुर बकरियों को चरा रहा था तभी बिजली गिरने से मौत हो गई। उधर, कन्नौज जिले में मंगलवार को तेज बारिश के साथ बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बिजली गिरने से बिरियन नगला, छिबरामऊ निवासी वीरेंद्र कुमार (50), तालग्राम थाना क्षेत्र में महिला सीता और इंदरगढ़ क्षेत्र में महिला सोनी की मौत हो गई। इसके अलावा दो मवेशियों की भी मौत हुई है।

आगरा में आकाशीय बिजली गिरने से जगनेर थाना क्षेत्र के गांव शाहगंज में मंगलवार को राजेश पत्नी देवेंद्र की मौत हो गई। वहीं दूसरी जगह खेत पर काम कर रहे धीरेन्द्र व भोलू गंभीर रूप से झुलस गए। मथुरा में एक कार पानी में डूब गई, जिसमें पूरा परिवार फंस गया। जैसे-तैसे ट्रैफिक पुलिस वालों ने बचाया। वहीं, लखीमपुर और मैनपुरी में भी झमाझम बारिश हुई है। बारिश के चलते किसानों की पकी हुई धान की फसल भी खराब हो गई।

उमस भरी गर्मी से राहत, कई जिलों में येलो अलर्ट

मंगलवार को हुई बारिश के कारण उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते यह राहत दशहरे तक जारी रहेगी। हालांकि, अक्टूबर के पहले सप्ताह तक राज्य के पूरे हिस्से से मानसून लौट जाएगा। लेकिन एक नए बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के कारण अगले एक सप्ताह तक कई हिस्सों में बारिश की संभावना बन सकती है। ऐसे में कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी है।

आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, लखनऊ, कानपुर, झांसी एवं बुंदेलखंड के जिलों समेत करीब 40 जिलो में आंधी के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है।

कानपुर में भारत-आस्ट्रेलिया के बीच पहला वन-डे रद्द

ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारत ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में बारिश बाधा बन गई। मंगलवार सुबह से हो रही बारिश के कारण पहला वनडे मैच रद कर दिया गया है। मैच रेफरी कर्नल संजय वर्मा ने 5 बजकर 10 मिनट पर घोषणा की। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारत ए और आस्ट्रेलिया ए के बीच तीन वनडे मैच खेले जाने हैं। मंगलवार को पहले मैच की डेढ़ बजे शुरुआत होनी थी, लेकिन सुबह से ही बारिश होने से मैदान कवर कर दिया गया। बाद में जब शाम पांच बजे तक भी बारिश बंद नहीं हुई तो मैच को रद घोषित करना पड़ा।

 

संबंधित समाचार