सूर्य की सतह पर फिर जबरदस्त विस्फोट, उठा तूफान
700 किमी प्रति सेकेंड के रफ्तार से धरती की ओर बढ़ रहा सौर तूफान
नैनीताल, अमृत विचार : सूर्य पर विस्फोटों का दौर जारी है। एक दिन पहले सूर्य की सतह पर हुए विस्फोट से निकला सौर तूफान 700 किमी प्रति सेकेंड की रफ्तार से पृथ्वी की ओर बढ़ रहा है। सूर्य की सतह पर 10 सन स्पॉट ग्रुप बने हुए हैं।
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) नैनीताल के पूर्व निदेशक एवं सौर वैज्ञानिक डॉ. वहाबउद्दीन के अनुसार, 29 सितंबर को एक जबरदस्त विस्फोट सूर्य की सतह पर हुआ। इस विस्फोट से शक्तिशाली जी 3-क्लास जियोमैग्नेटिक सौर तूफान पृथ्वी की ओर बढ़ रहा है। आजकल में यह तूफान पृथ्वी के ध्रुवीय क्षेत्र से टकराएगा। इस तूफान से किसी तरह के ब्लैक आउट या सैटेलाइट को हानि की कोई संभावना नहीं है। अलबत्ता ध्रुवों से टकराने पर रंग बिरंगे ऑरोरा यानी रोशनी नजर आएगी। सौर वैज्ञानिक इस तूफान पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल इन दिनों सूर्य की सतह सौर कलंकों से पटी हुई है। दस सन स्पॉट ग्रुप सूर्य की सतह पर फैले हुए हैं जिनसे बड़े विस्फोटों की आशंका बनी हुई है। डॉ. वहाबउद्दीन ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से भी अधिक समय से सूर्य पर जबरदस्त विस्फोट हो रहे हैं। विस्फोटों से निकले सौर तूफानों से कई बार ब्लैक आउट हो चुके हैं। साथ ही संचार व्यवस्थाओं पर भी हल्का प्रभाव डाला है।
11 से 14 वर्षों के बीच एक बार विस्फोट
सूर्य पर विस्फोटों का दौर 11 से 14 वर्षों के बीच एक बार आता है, जो एक से डेढ़ वर्ष के बीच जारी रहता है। इस बार डेढ़ वर्ष से विस्फोटों का दौर जारी है जिसके चलते छोटे-बड़े सैकड़ों विस्फोट हुए हैं जिनमें कई बड़े विस्फोटों ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि अब जल्द ही सूर्य शांत होने लगेगा और विस्फोट भी थम जाएंगे।
