हौंसलों की उड़ान: हाथ में तिरंगा लेकर 6 वर्षीया अनामिका ने एक घंटे में दौड़कर तय की 10 किमी की दूरी, नन्ही उड़नपरी का हौसला देखकर हर कोई अचंभित
गोंडा, अमृत विचार: मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को 6 वर्षीय अनामिका ने हौंसलों की उड़ान भरी तो उसकी हिम्मत और जोश को देखकर हर कोई अचंभित रह गया। दावे के उन्होने अनामिका ने एक घंटे में 10 किमी की दूरी को दौड़कर पूरा किया। हाथ में तिरंगा लेकर दौड़ लगाती अनामिका जिसने भी देखा उसी ने अनामिका के हिम्मत की तारीफ की और उसका हौसला बढाया। दौड़ पूरी होने के बाद स्थानीय समाजसेवियों ने अनामिका को माला पहनाकर उसका उत्साहवर्धन किया।
6 वर्षीय नन्हीं उड़नपरी अनामिका इटियाथोक क्षेत्र के भीखमपुरवा गांव की रहने वाली है। उसके पिता मनोज मिश्रा प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा में प्रधानाध्यापक हैं और अनामिका इसी विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। अनामिका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान को गति देने के क्रम में महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को भवनियापुर खुर्द पुलिस चौकी से इटियाथोक बाजार तक दौड़ लगाने का ऐलान किया था। अनामिका ने दावा किया था कि वह 10, किमी की दूरी को बिना रुके एक घंटे में तय करेगी। उसकी इस दौड़ को लेकर लोगों में उत्सुकता थी। शुक्रवार की सुबह 6 बजे अनामिका ने भवनियापुर खुर्द पुलिस चौकी से अपनी दौड़ प्रारंभ की। हाथ में तिरंगा लेकर दौड़ लगाती अनामिका का जज्बा देखने लायक था। वह बिना थके, बिना रुके लगातार दौड़ रही थी।
.png)
नन्ही सी बच्ची को सड़क पर दौड़ लगाते देख लोग उसके हिम्मत की दाद दे रहे थे और उसका हौसला बढ़ा रहे थे। अपने दावे के मुताबिक ठीक सात बजे अनामिका ने 10 किमी की दूरी को पूरा कर अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। इटियाथोक पहुंचने पर स्थानीय समाजसेवियों ने उसे मावा पहनाकर उसका सम्मान किया और उसके जज्बे की सराहना की। दौड़ पूरी करने के बाद अनामिका ने कहा कि उसका सपना देश के लिए ओलंपिक में भाग लेने का है और इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रही है। अनामिका कहती है कि चीन को पीछे करके देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल करना है।
पिता की निगरानी में कर रही तैयारी
अनामिका अपनी तैयारी अपने पिता व प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा के प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा की देखरेख में कर रही है। मनोज का कहना है कि बचपन में जहां आमतौर पर बच्चे बाहर की वस्तुओं को खाने में अधिक रुचि दिखाते हैं वहीं अनामिका इन सब चीजों से बहुत दूर है। उन्होने उसके आहार के लिए रोस्टर तय कर रखा है। अनामिका बाहर की कोई पैकेट वाली वस्तु, तली भुनी चीजें, चीनी,चावल आलू आदि से काफी दूर है। वह अधिकांशतः जैविक सब्जियों व फलों तथा सूखे मेवे पर निर्भर है। महुआ और दूध भी इसकी डाइट में शामिल है।
8 मिनट में 240 पुशअप्श लगाकर इण्डिया बुक आफ रिकार्ड में नाम दर्ज करा चुकी है अनामिका
6 साल की अनामिका सिर्फ दौड़ ही नहीं लगाती वह पुशअप्स भी बेहद तेजी से लगाती है। पिछले वर्ष वह 8 मिनट में 240 पुशअप्श लगाकर इण्डिया बुक आफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करा चुकी है। अनामिका के इस
उपलब्धि के लिए उसे "मैक्सिमम पुश अप्स ए फीमेल किड" का खिताब मिल चुका है।
सोशल मीडिया पर छाई अनामिका
6 वर्षीय अनामिका ने एक घंटे में 10 किमी तक दौड़ लगाकर न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि जिले का नाम रोशन किया है। हाथ में तिरंगा ध्वज लेकर दौड़ लगाती अनामिका शुक्रवार को सोशल मीडिया पर छायी रही। इसके जज्बे व जोश को देखकर हर कोई उसकी सराहना करता दिखाई दिया।
यह भी पढ़ेंः आगरा में बड़ा हादसा, मातम में तब्दील हुआ दुर्गा विसर्जन का जश्न, नदी में डूबे 11 लोग
