सुलतानपुर संविदा चिकित्सक हत्याकांड : आरोपी ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट का आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के नरायनपुर में संविदा चिकित्सक घनश्याम तिवारी की हत्या के मामले में सोमवार को एडीजे प्रथम संतोष कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान आरोपी ड्राइवर दीपक सिंह की ओर से बचाव पक्ष के वकील ने विवेचक रहे पूर्व कोतवाल राम आशीष उपाध्याय को तलब करने की अर्जी दी।

अभियोजन पक्ष से वादिनी निशा तिवारी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने अर्जी का विरोध करते हुए इसे मुकदमे को विलंबित करने का प्रयास बताया और खारिज करने की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद बचाव पक्ष की अर्जी को निरस्त कर आरोपी ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया।

साथ ही उसके जमानतदारों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। अदालत ने आरोपियों के बयान दर्ज करने के लिए 8 अक्टूबर की तारीख नियत की है। एडीजीसी पवन दूबे के मुताबिक 23 सितंबर 2023 को नरायनपुर में संविदा चिकित्सक घनश्याम तिवारी की हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में मुख्य आरोपी अजय नारायण सिंह, उसके पिता जगदीश नारायण सिंह और ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ हत्या, षड्यंत्र और दहशत फैलाने के गंभीर आरोप तय किए गए थे। विचारण के दौरान ही आरोपी जगदीश नारायण सिंह की मृत्यु हो चुकी है। अब अगली नियत तारीख पर आरोपियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। 

संबंधित समाचार