बाराबंकी : खेत किनारे बिछे तारों में दौड़ाया बिजली करंट, कारपेंटर की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जानवरों से रखवाली के लिए खेत किनारे बिछे तारों में घरेलू बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया गया। करंट की चपेट में आकर एक कारपेंटर की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार सुबह शव मिलने पर घटना की जानकारी हुई। मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जयचंदपुर के रहने वाले पंकज मिश्र ने खेत को जानवरों से बचाने के लिए बिछाए गए तारों घरेलू बिजली कनेक्शन से तार देकर उनमें करंट प्रवाहित कर रखा था। उधर इसी गांव में रहने वाला कारपेंटर हरीश चंद्र रविवार रात करीब दस बजे हरीलालपुरवा चौराहा पर काम निपटाकर गांव के ही प्रमोद मिश्र के साथ उनके ट्रैक्टर से गांव लौटने लगा। ट्रैक्टर से उतरने के बाद वह अपने गांव की ओर बढ़ा लेकिन घर नहीं पहुंचा।

सोमवार की सुबह हरीश चंद्र खेत में बिछे तार से चिपका मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर परिजनों व पुलिस को सूचना दी। एक ओर परिजनों में रोना पिटना मच गया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक 3 बच्चों का पिता और एकमात्र कमाऊ सदस्य था। कोतवाली प्रभारी अंकित त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना करंट लगने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार