2050 में प्राकृतिक गैस की होगी अनुमान से ज्यादा उपलब्धता, बीपी एनर्जी के कार्यक्रम में बोले हरदीप पुरी 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी का कहना है कि साल 2050 तक प्राकृतिक गैस की मात्रा आज के अनुमानों से कहीं ज्यादा होगी। यह गैस न सिर्फ पुराने तरीकों से, बल्कि नए स्रोतों से भी आएगी। उन्होंने बीपी एनर्जी आउटलुक 2025 कार्यक्रम में यह बात कही।

2026 से सस्ती गैस मिलने की उम्मीद

मंत्री ने बताया कि दुनिया भर में प्राकृतिक गैस तेजी से बढ़ रही है। अगर 2026 से इसका दाम सही स्तर पर आ जाए, तो बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने पूछा, क्या हम मानते हैं कि 2050 तक ग्रीन हाइड्रोजन, जो भविष्य का ईंधन है, उपलब्ध नहीं होगा? भारत हर साल लगभग 150 अरब डॉलर खर्च करता है पुराने ईंधन और ऊर्जा के आयात पर। सोचिए, अगर 1 किलो ग्रीन हाइड्रोजन की कीमत सिर्फ 2.5 डॉलर रह जाए, तो क्या होगा!

जैव ईंधन मिश्रण के लक्ष्य जल्दी पूरे

उन्होंने कहा कि 11 साल पहले किसी को यकीन नहीं था कि हम 20% जैव ईंधन मिश्रण हासिल कर लेंगे। फिर भी, 2020 तक 10% मिश्रण का लक्ष्य रखा गया और इसे 5 महीने पहले ही पूरा कर लिया। मैं खुद हैरान रह गया। उसके बाद 2030 तक 20% का लक्ष्य तय किया, जो 6 साल पहले ही हासिल हो गया।

हाइब्रिड फ्लेक्सीफ्यूल मॉडल पर सुझाव

हरदीप पुरी ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र की सरकारी नीतियों में सुधार की गुंजाइश है। अगर 2014 से पहले की स्थिति देखें, तो 2014 एक बड़ा बदलाव का साल था, जब प्रधानमंत्री ने जिम्मेदारी संभाली। उसके बाद के लक्ष्य साफ दिखते हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। मेरा मानना है कि हाइब्रिड फ्लेक्सीफ्यूल मॉडल अपनाना चाहिए, जिस पर विचार हो।

संबंधित समाचार