बदायूं : परिजनों से विवाद के बाद घर से निकला, सड़क हादसे में युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। एक युवक ने शराब के नशे में परिजनों से विवाद किया और मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग पर पहुंच गया। जहां सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

गांव पड़ौआ निवासी सुभाष (32) पेंटर थे। अक्सर काम पर जाते और शाम को लौट आते थे। उनके परिजनों के अनुसार सोमवार रात वह शराब पीकर घर आए थे। किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई थी। काफी देर तक झगड़ा होता रहा। कुछ देर के विवाद के बाद सुभाष घर से चले गए थे। 

वहीं परिजनों को लगा कि वह सो गए लेकिन वह नशे की हालत में एमएफ राजमार्ग पर चले गए थे। मंगलवार सुबह लगभग चार बजे पुलिस को गोदाम के पास उनका शव मिला। शिनाख्त करके उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।

बाजार से लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत
थाना बिनावर क्षेत्र के गांव सल्लननगर अनुगुईया निवासी मोहन लाल (25) पुत्र नन्हे लाल अपने गांव के लेखराज के साथ बरेली के देवचरा की साप्ताहिक बाजार गए थ। वह दोनों देर शाम बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बरेली के थाना भमौरा क्षेत्र के गांव खेड़ा के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार सुबह 4 बजे मोहन लाल ने दम तोड़ दिया।

संबंधित समाचार