बिना लाइसेंस के चल रही पटाखा फैक्ट्री में मिला ढाई कुंटल विस्फोटक, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
नगराम/लखनऊ, अमृत विचार: बिना लाइसेंस के एक घर में चल रही पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को नगराम पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके पर करीब ढाई कुंटल से अधिक मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मोहनलालगंज एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि एसओ विवेक कुमार चौधरी को मंगलवार दोपहर सूचना मिली कि कस्बा स्थित एक मकान में भारी मात्रा में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण व निर्माण कराया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान मौके से सुतली बम, रॉकेट और अन्य विस्फोटक सामग्री समेत करीब ढाई कुंटल पटाखे मिले।
पूछताछ में आराेपियाें ने अपना नाम सलीम, रमजान व रफीक बताया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और विस्फोटक सामग्री के स्रोत का पता लगा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य जगह भी छापेमारी कर रही हे।
