बाराबंकी : विवाहिता समेत तीन लोगों फंदा लगाकर दी जान, परिजनों में कोहराम
बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग स्थानों पर एक विवाहिता समेत तीन लोगों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के खसपरिया ग्राम रुस्तमपुरवा निवासी मनोज रावत (30) पुत्र स्व. रामनरेश ने बुधवार रात शराब के नशे में घर का दरवाजा बंद कर दुपट्टे के सहारे छत के छल्ले से फांसी लगा ली। मृतक प्लम्बर का काम करता था।
परिजनों ने सुबह दरवाजा बंद पाया, खोलने पर घटना का खुलासा हुआ। थाना लोनीकटरा क्षेत्र के ग्राम गनेहरी निवासी विनीता (28) पत्नी बलवंत रावत ने रात में भोजन करने के बाद कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। लखापुर गांव के मृतका के चाचा राजू को रात फोन पर घटना की जानकारी दी गई। वर्ष 2017 में उसका विवाह हुआ था और वह दो मासूम बच्चों की मां थी।
इसके अलावा थाना दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर कला में ललित निषाद (20) पुत्र रामसुरेश ने बुधवार शाम सात बजे घर में रस्सी के सहारे छत के कुंडे से लटक कर आत्महत्या कर ली। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
