चुनाव प्रबंधन में भाजपा सर्वश्रेष्ठ : राजीव मिश्रा
स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने बनाई रणनीति, निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने का किया आह्वान
बाराबंकी, अमृत विचार। भाजपा ने एमएलसी चुनाव के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी हैं। विधानसभा स्तर से लेकर पोलिंग बूथ स्तर तक के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर स्नातक एमएलसी चुनाव की बैठक संपन्न हुई। भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व स्नातक एमएलसी चुनाव के क्षेत्रीय संयोजक राजीव मिश्रा ने बतौर मुख्य अतिथि बैठक में हिस्सा लिया।
पार्टी के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन से शुरू हुई बैठक को संबोधित करते हुए राजीव मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं को पंजीकृत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों की तुलना में भाजपा का चुनाव प्रबंधन सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को "पहले आओ, पहले पाओ" की नीति पर काम करते हुए स्नातक वोटर बनाने होंगे। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं की संख्या बहुत अधिक है। इसलिए कोई छूट न जाए इसकी चिंता करनी होगी।
उन्होंने सभी जिम्मेदार कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा निर्धारित लक्ष्य को लगन और निष्ठा से प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाता पंजीकरण के टिप्स देते हुए बताया कि स्नातक वोटर पंजीकरण के लिए आधार कार्ड और स्नातक प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। पंजीकरण प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। अभियान के क्षेत्रीय सह संयोजक मानस मित्रा ने भी बैठक को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रत्येक विधानसभा के लिए दिए गए लक्ष्य को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। संचालन जिला महामंत्री संदीप गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, शील रत्न मिहिर, गुरुशरण लोधी, शेखर हयारन, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, आरती रावत, अलका मिश्रा, नीता अवस्थी, रोहित सिंह, आशुतोष अवस्थी आदि मौजूद रहे।
