भारत व तालिबान की दोस्ती से बलूच विद्रोहियों का बढ़ा हौसला, अफगानिस्तान की मदद के लिए जताया आभार
इस्लामाबाद। भारत और अफगानिस्तान के बीच बढ़ती नजदीकियों पर पाकिस्तान से लड़ रहे बलूच नेताओं ने खुशी जाहिर की है। बलूच नेता मीर यार बलूच का कहना है कि स्वतंत्र ‘बलूचिस्तान गणराज्य’ अफगानिस्तान को मानवीय सहायता और विकास में मदद के लिए भारत का आभार जताता है।
बलूचिस्तान की ओर से जारी बयान में नई दिल्ली के प्रयासों को क्षेत्रीय सहयोग और स्थिरता का प्रतीक बताया गया है। खासतौर से अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी की दिल्ली यात्रा पर बलूच नेताओं ने सराहा है। साथ ही पाकिस्तान पर सख्त रुख के लिए भी भारत की तारीफ की है।
मीर यार बलूच की पेज थ्री न्यूज में की गई एक रिपोर्ट के अनुसार आजाद बलूचिस्तान की सरकार ने भारत की अफगानिस्तान में जारी पहलों की सराहना की है। इसमें 20 एम्बुलेंस का दान, उन्नत विकास कार्यक्रम, हवाई संपर्क का विस्तार और अफगान मरीजों, छात्रों और उद्यमियों के लिए वीजा प्रक्रियाओं का आसान करना शामिल है। बयान में भारत की ओर से काबुल में अपने तकनीकी मिशन को पूर्ण दूतावास का दर्जा दिए जाने का भी स्वागत किया गया है।
पाकिस्तान को घेरने के लिए भारत-अफगानिस्तान का मेल जरूरी
बयान में कहा गया है कि भारत और अफगानिस्तान सदियों पुराने सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंध साझा करते हैं। सरकारी स्तर पर यह नया जुड़ाव पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का मुकाबला करने और क्षेत्रीय शांति की बाधाओं को दूर करने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे पाकिस्तान को सबक मिलेगा। पाकिस्तानी नियंत्रण के विरुद्ध संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय मान्यता की इच्छुक बलूच सरकार ने अफगानिस्तान की संप्रभुता पर जोर दिया है।
बलूचिस्तानी नेताओं की ओर से कहा गया है कि एक उभरती हुई क्षेत्रीय शक्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्गों के स्वाभाविक प्रवेश द्वार के रूप में बलूचिस्तान अफगानियों को आश्वस्त करता है। वह पाकिस्तान सेना को अफगानिस्तान या उसके सहयोगियों को धमकाने के लिए हमारी जमीन का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र में शांति को बढ़ावा मिलेगा।
भारत कर रहा काबुल की मदद
उल्लेखनीय है कि भारत ने अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण प्रयासों में एक स्पष्ट भूमिका निभाई है। नई दिल्ली ने मानवीय सहायता और बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यावहारिक दृष्टिकोण बनाए रखा है। इन संबंधों को अब आगे बढ़ाया जा रहा है। आमिर खान मुत्तकी की भारत यात्रा से दोनों देशों के रिश्ते में बड़े सुधार की उम्मीद की जा रही है।
