गोंडा : अपनी पत्नियों को छोड़ने वाले नहीं जानते सिंदूर का भाव, सपा प्रदेश अध्यक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर पर उठाया सवाल
गोंडा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाया है और कहा हेै कि जिन लोगों ने शादी नहीं की है या अपनी पत्नियों को छोड़ चुके हैं वह ऑपरेशन सिंदूर चला रहे हैं। उन्हे सिंदूर का भाव तक नहीं पता है और देश की महिलाओं को सिंदूर बांट रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सिंदूर पति का काम होता है पत्नियों के लिए। देश की महिलाओं को सिंदूर बांटकर किस स्वरूप को दिखाना चाहते हैं। उन्होने कहा कि मीडिया को सिंदूर की परिभाषा भारतीय जनता पार्टी से पूछना चाहिए।
सपा प्रदेश अध्यक्ष रविवार को एक निजी कार्यक्रम मे शामिल होने गोंडा पहुंचे थे। सपा नेता अमर यादव के आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार लोकतंत्र को वेटिंलेटर पर डाल चुकी है।
वर्ष 2027 में जनता प्रदेश से भाजपा को उखाड़ फेंकेंगी और पीडीए के नेतृत्व में सरकार बनेगी जिसके मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बनेंगे। लखनऊ में आयोजित बसपा की रैली पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि मायावती सामंतवादी ताकतों मजबूत करने के लिए काम कर रही हैं। बिहार चुनाव पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में पीडीए तेजस्वी यादव के साथ है।
