राम मंदिर के केसरिया ध्वज में दिखेगा कोविदार वृक्ष, सूर्य और ॐ ..शिखर पर PM मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत करेंगे ध्वजारोहण

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। राम मंदिर के 201 फीट ऊंचे शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत ध्वजारोहण करेंगे। इस ध्वज में कोविदार वृक्ष, सूर्य और ॐ दिखेगा। शनिवार की देर शाम श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस दौरान मुख्य रूप से ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी, महासचिव चंपतराय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास, व्यवस्था प्रभारी गोपाल जी राव सहित अन्य ट्रस्टी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी ने बताया कि ध्वजारोहण मंदिर के कार्य का पूर्ण होने का चिह्न है । 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सर संघचालक मोहन भागवत के हाथों ध्वजारोहण का कार्य संपन्न होगा। इस कार्यक्रम के लिए 5 दिन तक पूजा विधान चलेगा। 21 से कार्यक्रम की शुरुआत हो जाएगी। इसके साथ ही परकोटा में पंचायतन पद्धति के अनुसार भगवान गणेश, भगवान शिव, मां भगवती, माता अन्नपूर्णा, हनुमान जी और सूर्य देव के भी मंदिर स्थापित हैं। इन मंदिरों के शिखर पर भी ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न होगा। 

इन सभी देवी देवताओं के पूजन और हवन का क्रम भी पांच दिनों तक चलता रहेगा। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों के लिए यह पूरा कार्यक्रम प्रदेश के अंतर्गत ही सीमित रखे जाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें मुख्य रूप से अयोध्या केंद्रित होगा। इसलिए इसमें बाहर के किसी भी व्यक्ति के आने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि ध्वज की जो आकृति तय की गई है। वह केसरिया रंग का है। 11 फीट चौड़ा और 22 फीट लंबे ध्वज पर कोविदार वृक्ष, सूर्य और ॐ दिखाई पड़ेगा।

रामनगरी के फ्लाईओवर व दीवारें कहेंगी रामकहानी

भगवान श्रीराम की नगरी इन दिनों दीपोत्सव 2025 की तैयारियों में पूरी तरह रंग चुकी है। फ्लाईओवर, दीवारें और सड़कें रामायण के प्रसंगों और कलात्मक थ्री डी चित्रों से सजी हैं। यह नजारा न केवल स्थानीय लोगों बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रहा है। अयोध्या के फ्लाईओवर इस बार दीपोत्सव में रामकथा के जीवंत चित्रण का माध्यम बन रहे हैं। अयोध्या विकास प्राधिकरण की तरफ से शहर के प्रमुख फ्लाईओवरों पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों को चित्रों और भित्ति चित्रों के माध्यम से उकेरवाया जा रहा है। 

उकेरी गई दिव्य आकृतियां, दीपोत्सव में आकर्षण का बनेगी केंद्र

राम जन्म, वनवास, रावण वध और राम-सीता मिलन जैसे दृश्यों को कला के जरिए जीवंत किया गया है। इन चित्रों में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। सआदतगंज, नाका, देवकाली व साकेत पेट्रो पंप के निकट फ्लाईओवर व बाईपास की दीवारों पर थ्रीडी चित्र उकेरे जा रहे हैं। कुछ जगहों पर और काम शुरू हुआ है, ताकि हर आने-जाने वाला यात्री रामकथा से रूबरू हो सके। 

अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी पांडेय ने बताया कि रामनगरी के फ्लाईओवर और सड़कों पर उकेरी गई दिव्य आकृतियां इस दीपोत्सव को और भी खास बना रही हैं। राम मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में विशेष रूप से सजावट की गई है, जहां दीपों की रोशनी और कलात्मक चित्रण का संगम एक अलौकिक दृश्य प्रस्तुत कर रहा है। इन आकृतियों में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के साथ-साथ अयोध्या की प्राचीन संस्कृति को दर्शाया गया है। पर्यटक इन चित्रों को देखकर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।

पर्यटन का बड़ा केंद्र बना यूपी, CM योगी ने कहा-अयोध्या का दीपोत्सव, ब्रज का रंगोत्सव कर रहा विरासत को समृद्ध 

संबंधित समाचार