बाराबंकी में युवक की मौत: अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी पर हत्या का शक, शरीर पर मिले चोट के निशान 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। घुंघटेर थाना क्षेत्र में रात भर गायब रहे युवक का शव उसके ही गांव के पास एक गड्ढे में खून से लथपथ पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं। वहीं मृतक के परिजन पत्नी पर रंजिशन हत्या का आरोप लगा रहे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरु कर दी है। 

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम ददेरा में रहने वाले 35 वर्षीय हेमंत पुत्र चोखेलाल का शव गांव के ही पास गड्ढे में खून से सना मिला। पास में ही उसकी बाइक भी पड़ी थी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, हेमंत सोमवार रात घर से यह कहकर निकले थे कि वे देवा मेला देखने जा रहे हैं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को शुरुआती जांच में मृतक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि युवक पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। मृतक के भाई पुत्ती लाल ने हेमंत की पत्नी पर हत्या करवाने का आरोप लगाया है। 

बताया कि पत्नी के किसी युवक से अवैध संबंध थे, जिसका हेमंत ने विरोध किया था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई और घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की जा रही है। यह भी बताया कि घटना के समय हेमंत की बाइक पर दो अन्य लोग सवार थे, जिन्हे किसी प्रकार की चोट नहीं आई। क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

ये भी पढ़े : 

नवजात की हत्या कर नहर में फेंकने जा रही थी मां, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार