दिवाली को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, सराफा बाजारों की सुरक्षा में तैनात होंगे पर्याप्त पुलिस बल, DGP जारी किए सुरक्षा और फुट पेट्रोलिंग के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार: डीजीपी राजीव कृष्ण ने त्योहारों के दौरान पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर सराफा बाजारों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। इन स्थानों पर एंटी रोमियो स्क्वाड और पीएसी को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीजीपी ने कहा कि छोटी-सी सूचना को भी गंभीरता से लिया जाए। वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी मौके पर जाकर तुरंत विवाद निस्तारित करें। नई परंपराओं की अनुमति न दी जाए। रिजर्व पुलिस कर्मियों की क्यूआरटी टीम बनायी जाए। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, मनोरंजन स्थल, पार्क और मल्टीप्लेक्स पर बीडीडीएस टीम से चेकिंग कराई जाए। असामाजिक तत्वों की सूची अपडेट रखी जाए। धार्मिक स्थलों के आसपास तड़के पोस्टर चेकिंग और हॉटस्पॉट पर ड्रोन निगरानी हो। नदियों व घाटों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूसों में त्रुटिहीन और योजनाबद्ध पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किया जाए।
पटाखों के संबंध में सख्ती
डीजीपी ने कहा कि सीमा से अधिक मात्रा में विस्फोटक संग्रहण और भंडारण न होने दिया जाए। पटाखों की दुकानों को अस्थायी लाइसेंस नियमानुसार प्रदान करें। दुकानों के पास अग्निरोधक उपाय किए जाएं। आतिशबाजी रिहायशी क्षेत्र में न हो। चेकिंग के समय अधिकारी विस्फोटक पदार्थों की जानकारी रखे। परिवहन और भंडारण नियमानुसार हो। विस्फोटक सामग्री मिलने पर डॉग स्क्वायड भेजा जाए। सोशल मीडिया की सघन निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
