UP: दरोगा की मैगजीन व टियर गैस सेल लूटने वाला उपद्रवी गिरफ्तार
संभल, अमृत विचार। संभल कोतवाली पुलिस ने 24 नवंबर की संभल हिंसा के दौरान दरोगा की पिस्टल की मैगजीन, पुलिस कर्मियों से टियर गैस सेल व कारतूस लूटने के आरोप में एक उपद्रवी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दरोगा की ओर से नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। संभल हिंसा में अब तक कुल 103 आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं।
सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान वसीम पुत्र नईम निवासी कोट गर्वी, कोतवाली संभल के रूप में हुई है। वह 24 नवंबर को हिंसा के दौरान हुए पथराव में शामिल था। दरोगा संजीव कुमार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में वसीम का नाम दर्ज था। पूछताछ में वसीम ने कबूल किया कि मस्जिद सर्वे की जानकारी मिलने पर वह अन्य लोगों के साथ जामा मस्जिद के पास पहुंचकर हिंसा में शामिल हुआ था।
वसीम पर आरोप है कि हिंसा के दौरान उसने अन्य उपद्रवियों के साथ मिलकर दरोगा संजीव कुमार की पिस्टल की मैगजीन लूट ली थी। इसके अलावा सिपाही कपिल कुमार के बैग से 29 टियर स्मोक सेल, सिपाही पंकज कुमार के बैग से 25 ब्लैंक कारतूस और 25 रबर बुलेट, तथा सिपाही राजपाल के बैग से 15 राउंड 12 बोर कारतूस लूटे गए थे। 19 नवंबर की शाम को जामा मस्जिद में पहले चरण का सर्वे हुआ और दूसरा चरण 24 नवंबर को किया गया। सर्वे के दौरान ही हजारों की भीड़ एकत्र हो गई और स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।
