बंथरा में बुखार से वृद्धा की मौत... कई बीमार, सूचना के बावजूद नहीं पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
लखनऊ/ सरोजनीनगर, अमृत विचार : बंथरा क्षेत्र में गुरुवार को बुखार से पीड़ित वृद्धा की मौत हो गई, कई लोग बीमार हैं। सीएमओ का कहना है टीम भेजकर महिला की मौत की जानकारी जुटाई जाएगी। अन्य मरीजों का इलाज सुनिश्चित कराया जाएगा। बंथरा के धावापुर गांव के राजेंद्र सिंह की पत्नी रानी (60) को एक सप्ताह से तेज बुखार आ रहा था। परिजनों के मुताबिक पहले क्लीनिक की दवा से आराम नहीं मिल रहा था।
हालत बिगड़ने पर टीएस मिश्रा कॉलेज में भर्ती कराया था, जहां गुरुवार को मौत हो गई। गांव के विपिन सिंह (30), गुरु शरण सिंह (70), विजय बहादुर (48), गंगा (35), कल्लू सिंह (27), ललित सिंह (38), रानी (30), दल बहादुर (45), श्याम सिंह (46), विशाल (25), मुकेश (19), सुमित (18), राधा (50), मधुकर (28) समेत कई अन्य मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। लोगों का कहना है बीमारी फैलने की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की थी लेकिन कोई नहीं आया। सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी चंदन यादव ने बताया कुछ लोगों का इलाज टीएसएम अस्पताल में चल रहा है। शनिवार को गांव में टीम भेज कर सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।
गांव में जलभराव से पनप रहे मच्छर
ग्रामीणों कहना है कि गांव में गंदगी होने के साथ ही जगह-जगह गड्डों में पानी भरा होने से मच्छर पनप गए। एक सप्ताह से गांव में बुखार का प्रकोप है। कई लोग बुखार आने से पीड़ित हैं। मलेरिया विभाग की टीम जरिये गांव में एंटीलार्वा का छिड़काव तक नहीं कराया गया। साफ-सफाई की भी व्यवस्था बदहाल है।
बुखार से महिला की मौत मामले में अभी जानकारी नहीं है। गांव में टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की जांच रिपोर्ट भी तलब की जाएगी।-डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ
ये भी पढ़े :
आरडीटी किट से नहीं एलाइजा टेस्ट से होती है डेंगू की पुष्टि, CMO ने निजी पैथोलॉजी व डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों के साथ की बैठक
