बाराबंकी में पराली जलाने की कुल 35 घटनाएं चिन्हित, एसडीएम से कहासुनी में हिरासत में लिए गए तीन लोग 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। शासन द्वारा प्राप्त सैटेलाइट रिपोर्ट के आधार पर बाराबंकी में पराली जलाने की कुल 35 घटनाएं चिन्हित की गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक मामले फतेहपुर तहसील में सामने आए हैं। तहसीलवार फतेहपुर में 17, नवाबगंज में 7, रामनगर में 5, हैदरगढ़ में 4, रामसनेहीघाट व सिरौली गौसपुर में एक एक घटना हुई है। उप कृषि निदेशक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि सभी स्थानों का कृषि विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई। अब तक 62,500 की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा 2 कंबाइन हार्वेस्टर व एक ट्रैक्टर, जो पराली जलाने में प्रयुक्त हुआ, सीज कर थाना प्रशासन को सुपुर्द किया गया है।

पराली जलाने से रोका तो भड़के किसान, तीन हिरासत में

पराली जलाने से रोकने के लिए तहसील प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को एसडीएम कार्तिकेय सिंह व तहसीलदार वैशाली अहलावत ने गांवों में भ्रमण कर किसानों को समझाया कि पराली जलाने से पर्यावरण को नुकसान होता है और मिट्टी की उर्वरता भी घटती है। इस दौरान ऊहार गांव में पराली जलाने की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों से एक खेत स्वामी ने कहासुनी शुरू कर दी। 

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल बुलाया गया और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। इसी तरह नाऊहार गांव में भी विरोध की स्थिति बनी जब खेत स्वामी अलंकार ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया। मौके पर पहुंचे रामेंद्र सिंह और विकास वर्मा ने भी अधिकारियों से बहस की, जिसके बाद तीनों को थाने भेजा गया। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने कहा कि पराली जलाने पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी और किसानों को जागरूक करने का अभियान जारी रहेगा।

ये भी पढ़े :
GIS व गुलाबबाड़ी में लगेगी आतिशबाजी की दुकानें...करीब 100 दुकानों को मिला अस्थाई लाइसेंस

संबंधित समाचार