दीपावली पर अस्पताल अलर्ट... बेड आरक्षित; इमरजेंसी में जरूरी दवाओं का स्टॉक फुल, चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : दीपावली पर शहर के अस्पतालों में बेड आरक्षित करने के साथ इमरजेंसी में जरूरी दवाइयों का स्टॉक कर लिया गया है। ड्यूटी चार्ट तैयार कर डॉक्टरों और स्टॉफ की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। 24 घंटे इमरजेंसी हेल्पलाइन पर इलाज से संबंधित जानकारी ले सकते हैं।
दीपावली पर झालरे लगाने, दीपक जलाते और आतिशबाजी जलाते समय कई बार लोग झुलस जाते हैं। फूड प्वाइजनिंग के मामले भी आते हैं। इसे देखते हुए राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों और सीएचसी-पीएचसी में व्यवस्था दुरुस्त कराई गई है। सीएमओ बताया कि सभी सीएचसी और पीएचसी पर 24 घंटे इलाज की व्यवस्था रहेगी। जिला अस्पतालों में भी बेड आरक्षित किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर बेड बढ़ाए भी जाएंगे। एंबुलेंस सेवा 102 व 108 की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए हैं।
बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि इमरजेंसी में 50 बेड आरक्षित हैं। डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगा दी गई है। विशेषज्ञ डॉक्टर ऑनकाल रहेंगे। लोकबंधु अस्पताल के सीएमएस डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि 10 बेड आरक्षित हैं। इमरजेंसी व सर्जरी समेत दूसरे विभागों में मरीज भर्ती किए जाएंगे। सिविल और राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में 20-20 बेड आरक्षित हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में दवाएं स्टॉक में रखा दी गई हैं। डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी भी लगा दी गई है। भाऊराव देवरस संयुक्त अस्पताल महानगर सहित ठाकुरगंज व लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय में भी बेड आरक्षित किए गए हैं।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेमराज सिंह ने बताया कि 20 बेड आरक्षित किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर बेड बढ़ाए जाएंगे। प्लास्टिक सर्जरी एंड बर्न यूनिट के विशेषज्ञ डॉक्टर की ड्यूटी लगाई गई है। नेत्र, हड्डी व त्वचा रोग विशेषज्ञ भी मुस्तैद रखे गए हैं। लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। प्रवक्ता डॉ. भुवन चन्द्र तिवारी ने बताया कि दिवाली में अनहोनी से निपटने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। विशेषज्ञ डॉक्टर ऑनकाल रहेंगे।
2200 एंबुलेंस अलर्ट पर
प्रदेश में 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ईएमआईआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी ने बताया कि दिवाली पर 108 सेवा की सभी 2200 एंबुलेंस तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों जल्द से जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। सभी एंबुलेंसों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं। 108 एम्बुलेंस रूप से चिन्हित किए गए विशेष स्थानों, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों व थानों के नजदीक मौजूद रहेगी।
महिलाओं व बच्चों के लिए 102 एंबुलेंस रहेगी उपलब्ध
त्योहार के दौरान गर्भवती महिलाओं व दो साल तक के बच्चों को सेवाएं देने के लिए 102 एंबुलेंस सेवा भी 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इसके लिए कुल 2270 एंबुलेंस 24 घंटे संचालित हैं। दोनों ही सेवाएं प्रदेश सरकार की ओर से सभी के नि:शुल्क संचालित की जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर 102 या 108 पर कॉल करके नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है।
यहां करें संपर्क
सीएमओ कंट्रोल रूम
अनहोनी की दशा में यदि अस्पतालों में इलाज हासिल करने में अड़चन आए तो सीएमओ कंट्रोल रूम में फोन कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। 05222622080 पर संपर्क कर सकते हैं।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर-9453004209
ये भी पढ़े :
आरडीटी किट से नहीं एलाइजा टेस्ट से होती है डेंगू की पुष्टि, CMO ने निजी पैथोलॉजी व डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों के साथ की बैठक
