Asrani Last Interview : ‘मस्तीजादे’ में काम का था मलाल...कई बड़े मुद्दों पर की थी खुलकर बात, बॉलीवुड ने आखिरी पलों में किया याद 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

दिल्ली। दिग्गज अभिनेता असरानी ने एक बार हास्य में बढ़ती अश्लीलता के बारे में खुलकर बात की थी और बताया था कि कैसे ऋषिकेश मुखर्जी, गुलजार और बासु चटर्जी जैसे फिल्म निर्माताओं ने उन्हें ऐसी भूमिकाएं दीं, जिनसे उन्हें एक हास्य कलाकार की छवि तोड़ने में मदद मिली। असरानी का सोमवार को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया था और हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे। 

Untitled design (3)

असरानी ने 2016 में ‘न्यूज़ एजेंसी’ को दिये एक साक्षात्कार में कहा था कि यह ‘कॉमेडी आइकन’ महमूद थे जिन्होंने दोहरे अर्थ वाले संवादों की शुरुआत की थी, लेकिन बाद में इस प्रवृत्ति ने हिंदी सिनेमा में एक भद्दा मोड़ ले लिया, जिसमें ‘मस्तीजादे’ जैसी फिल्में शामिल हैं, जिसे करने पर उन्हें पछतावा हुआ था। उन्होंने कहा था, ‘‘महमूद साहब ने द्विअर्थी संवादों का इस्तेमाल शुरू कर दिया था और उनमें से कुछ कारगर भी रहे, तो कुछ ने इस फॉर्मूले का फायदा उठाने की कोशिश की। तब भी ये द्विअर्थी थे, लेकिन अब ये अश्लील हो गए हैं, बस कपड़े उतारने की नौबत आ गई है।’’ 

Untitled design (4)

असरानी को 1975 में प्रदर्शित ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘शोले’ से हास्य अभिनेता के रूप में लोकप्रियता मिली। उन्होंने कहा था कि फिल्म उद्योग की प्रकृति ऐसी है कि एक बार जब कोई कलाकार किसी विशेष भूमिका या शैली में प्रभाव डाल देता है, तो वह अक्सर उसी तक सीमित रह जाता है। असरानी ने कहा था, ‘‘फिल्मों में कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहता। अगर कोई हास्य में अच्छा काम करता है, तो उसे सुरक्षित मानकर उसी तरह की भूमिका में दोबारा काम करने को कहा जाता है। 

Untitled design (5)

फिर एलवी प्रसाद, बीआर चोपड़ा, ऋषिकेश मुखर्जी और गुलज़ार जैसे लोग भी थे जिन्होंने मुझे चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं दीं और सीमाओं को तोड़ा।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘बीआर चोपड़ा ने आम धारणा के विपरीत जाकर मुझे ‘निकाह’ में भूमिका दी। लोगों को हैरानी होती कि वह मुझे एक गंभीर फिल्म में क्यों ले रहे हैं, लेकिन उन्होंने लोगों से अपने काम से काम रखने को कहा, वह इतने आश्वस्त थे।’’ असरानी का मुखर्जी और गुलज़ार के साथ रचनात्मक रिश्ता था। वह हास्य से परे एक कलाकार के रूप में अपनी सीमा को पहचानने का श्रेय दोनों को देते थे। 

Untitled design (6)

असरानी ने मुखर्जी के निर्देशन में ‘अभिमान’, ‘चुपके-चुपके’ और ‘बावर्ची’ जैसी प्रशंसित फिल्मों में काम किया। गुलजार के साथ उन्होंने ‘कोशिश’ और ‘चैताली’ जैसी फिल्मों में काम किया, जिससे उन्हें गंभीर और भावनात्मक भूमिकाएं निभाने का मौका मिला। असरानी ने मुखर्जी की 1973 में प्रदर्शित फिल्म ‘अभिमान’ में अपनी भूमिका को अपने दिल के सबसे करीब बताया था। अमिताभ बच्चन और जया भादुड़ी अभिनीत इस फिल्म में उन्होंने बच्चन के करीबी दोस्त और सचिव की भूमिका निभाई थी। उन्होंने याद करते हुए कहा था, ‘‘मुझे लगा कि यह किरदार निभाना मुश्किल है। लेकिन ऋषिकेश मुखर्जी ही थे जिन्होंने मुझे समझाया और मुझे इस किरदार को सहजता से निभाने के लिए प्रेरित किया।’’ 

Untitled design (7)

असरानी ने 1960 के दशक के अंत में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने हिंदी सिनेमा में कॉमेडी के विकास और यह कैसे दो अलग-अलग ‘‘धाराओं’’ से प्रभावित हुआ, इस बारे में भी बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘‘हिंदी फ़िल्मों में कॉमेडी को लेकर शुरुआत में दो विचारधाराएं थीं। एक था ‘बिमल रॉय स्कूल’, जिसके प्रवर्तकों में ऋषिकेश मुखर्जी, गुलज़ार, एलवी प्रसाद, बासु चटर्जी और बासु भट्टाचार्य शामिल थे। उनकी फिल्में यथार्थवादी होती थीं और कॉमेडी सूक्ष्म।’’ 

Untitled design (8)

असरानी ने कहा था, ‘‘फिर ‘मद्रास स्कूल’ आया, जिसमें मुख्य कहानी से अलग एक अलग कॉमेडी ट्रैक था। जीतेंद्र, मैं और कादर खान समेत कई लोगों ने इसे किया। यह कुछ सालों तक चला... इसमें कॉमेडी ज़ोरदार तो थी, फिर भी घरेलू थी।’’ असरानी ने 2016 की फिल्म ‘मस्तीजादे’ में अपनी भूमिका पर अफसोस जताते हुए कहा था कि उन्हें इसमें काम करने में शर्मिंदगी महसूस हुई। उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत भयानक है (इन दिनों फिल्मों में अश्लीलता)। मुझे नहीं पता था कि फिल्म इस तरह बनेगी।’’ असरानी ने कहा था कि वह अपने करियर में दोहरे अर्थ वाले संवाद बोलने से दूर रहे हैं।

बॉलीवुड दिग्गजों ने भी किया याद, दी  श्रद्धांजलि 

अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार के साथ ही अजय देवगन, शबाना आजमी और कंगना रनौत सहित कई मशहूर हस्तियों ने जाने-माने अभिनेता एवं हास्य कलाकार असरानी के निधन पर शोक व्यक्त किया और इसे "फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति" बताया। "शोले", "छोटी सी बात" और "अभिमान" जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले एवं उद्योग के सबसे सम्मानित चरित्र कलाकारों में से एक असरानी का सोमवार दोपहर 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 

'शोले', 'अभिमान', 'चुपके-चुपके', 'नमक हराम' और कई अन्य फिल्मों में असरानी के साथ काम करने वाले बच्चन ने उन्हें 'सबसे प्रतिभाशाली सहयोगी' के रूप में याद किया। जया बच्चन को फिल्मों में लाने में असरानी की अहम भूमिका थी। जया बच्चन का उस समय नाम जया भादुड़ी था। दोनों ने एफटीआईआई से पढ़ाई की थी। 

बच्चन ने अपने ब्लॉग पर लिखा, ‘‘हमने एक और....असरानी सर को खो दिया है, जो एक अत्यंत प्रतिभाशाली सहकर्मी थे और फिल्म संस्थान में जया के शिक्षक थे। यह अचानक हुआ है और दुखद है...।’’ 

शबाना आजमी ने बताया इंडस्ट्री के लिए क्षति 

शबाना आजमी ने कहा कि वह असरानी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हैं। शबाना आजमी पुणे स्थित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) की पूर्व छात्रा हैं जहां से असरानी ने भी पढ़ाई की थी। उन्होंने ‘न्यूज़ एजेंसी’ से कहा, ‘‘असरानी सर फिल्म संस्थान में हमारे उच्चारण शिक्षक थे और उनके बोलने का तरीका बहुत सुंदर था। आज के जमाने में कोई यह भी नहीं जानता कि उच्चारण भी कोई चीज होती है और मुझे यह सुनकर बहुत दुख हुआ। यह एक ऐसी क्षति है जिसे पूरा भारत लंबे समय तक महसूस करेगा।’’ 

अक्षय ने भी शेयर किया पोस्ट 

अक्षय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर असरानी के साथ एक तस्वीर साझा की और आगामी फिल्म "हैवान" के लिए उनकी हालिया शूटिंग को याद किया। अक्षय ने प्रियदर्शन की कई फिल्मों जैसे "गरम मसाला", "हेरा फेरी", "भागम भाग" और "दे दना दन" में असरानी के साथ काम किया है। उन्होंने लिखा, ‘‘असरानी जी के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। एक सप्ताह पहले ही 'हैवान' की शूटिंग के दौरान हम गले मिले थे। वह बहुत प्यारे मनुष्य थे...।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी सभी बेहतरीन फिल्मों 'हेराफेरी' से लेकर 'भागम भाग', 'दे दना दन', 'वेलकम' और अब हमारी आगामी फिल्म 'भूत बंगला' और 'हैवान' तक... मैंने उनके साथ काम किया और उनसे बहुत कुछ सीखा। यह हमारे उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर की आप पर कृपा हो असरानी सर, हमें हंसने के लाखों कारण देने के लिए। ओम शांति।’’ 

अजय ने याद किये काम के कुछ पल 

अजय ने कहा कि "बोल बच्चन" और "ऑल द बेस्ट" जैसी फिल्मों में असरानी के साथ काम करना सम्मान की बात थी। उन्होंने कहा, ‘‘असरानी जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। बचपन से ही उनके काम की सराहना करने से लेकर उनके साथ काम करना... यह सचमुच सम्मान की बात थी। आपकी गर्मजोशी, हास्य और विनम्रता हमेशा बरकरार रही। आपको हमेशा याद रखा जाएगा सर... ओम शांति।’’ 

काजोल ने शेयर किया पोस्ट 

काजोल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी नवीनतम सीरीज "द ट्रायल: प्यार कानून धोखा" का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने असरानी के साथ काम किया है। उन्होंने लिखा, "यह खबर सुनकर मैं सदमे में हूं, मुझे यकीन है कि असरानी जी अब बेहतर जगह पर हैं। उनके प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’ 

 कंगना रनौत ने भी साझा की तस्वीर 

अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिनेता की एक तस्वीर साझा की और उनकी यादगार भूमिकाओं का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ‘‘श्री गोवर्धन असरानी जी न केवल एक कलाकार थे, बल्कि हम सभी के जीवन का हिस्सा लगते थे और बचपन में अपनी जीवंत भूमिकाओं और चंचल किरदारों के माध्यम से उन्होंने लगभग हर परिवार के दिल में अपना घर बना लिया था। असरानी जी, आपकी बहुत याद आएगी, ओम शांति।’’ 

अनुपम खेर ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट 

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, ‘‘प्रिय असरानी जी! अपने व्यक्तित्व से दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए धन्यवाद! ऑन स्क्रीन और ऑफ स्क्रीन! हम आपको भौतिक रूप में याद करेंगे! लेकिन सिनेमा और लोगों को हंसाने की आपकी क्षमता आपको आने वाले वर्षों तक जीवित रखेगी! ओम शांति।" 

 राजकुमार राव ने दी श्रद्धांजलि 

अभिनेता राजकुमार राव ने कहा कि असरानी की विरासत हमेशा अमर रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘असरानी सर हमारे बचपन को हंसी और मनोरंजन से भरपूर बनाने के लिए धन्यवाद... ओम शांति।’’ अभिनेता-फिल्मकार फरहान अख्तर ने असरानी की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की और कहा, "यह जानकर दुख हुआ कि असरानी जी अब हमारे साथ नहीं हैं। उनकी ऊर्जा, उत्साह ने स्क्रीन को जगमगा दिया और वह उतने ही गर्मजोशी से भरे, मजाकिया और प्यारे थे।" 

राजपाल यादव ने भी किया याद 

राजपाल यादव ने दिवंगत अभिनेता के साथ साझा की गई फिल्मों के दृश्यों का एक कोलाज पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "असरानी साहब, आपकी एक लंबी पारी के दौरान कुछ फिल्मों का हिस्सा होने का सौभाग्य मुझे मिला। चाहे 'भूल भुलैया' हो, 'ढोल' हो, या हमारी आखिरी फिल्म 'भूत बांग्ला' हो, हर सीन को हिट करने में आपका विशेष योगदान रहा है।" उन्होंने कहा, "...आपकी विशेष टिप्पणियां हमेशा याद रहेंगी। आपकी आत्मा को शांति मिले! ओम शांति।" 

आयुष्मान खुराना ने शेयर किया पोस्ट

आयुष्मान खुराना ने असरानी के निधन पर एक पोस्ट फिर से साझा किया और कहा कि "ड्रीम गर्ल 2" में उनके साथ स्क्रीन साझा करना सम्मान की बात है। 

जैकी श्रॉफ ने किया याद 

जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "आपकी आत्मा को शांति मिले।"

रकुल प्रीत सिंह ने दी श्रद्धांजलि 

रकुल प्रीत सिंह ने कहा, "असरानी सर के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।" कुणाल खेमू ने कहा, "उनके साथ काम करने का सौभाग्य और सम्मान मिला। उन्हें पर्दे पर देखते हुए और उनकी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग देखकर खूब हंसा हूं। आपने हमें जो भी कहानियां सुनाईं, उन्हें हमेशा याद रखूंगा, सर, पर्दे पर और व्यक्तिगत रूप से। परिवार के लिए प्यार और प्रार्थनाएं।’’ 

उर्मिला मातोंडकर ने दी  श्रद्धांजलि 

उर्मिला मातोंडकर ने असरानी की तस्वीरों का एक कोलाज साझा करते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "पागलपन, मस्ती और अंतहीन हंसी के लिए धन्यवाद।’’ असरानी ने अपने पांच दशक लंबे करियर के प्रत्येक युग में बड़े निर्देशकों के साथ काम किया तथा राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और आमिर खान सहित शीर्ष सितारों के साथ स्क्रीन साझा किया। 

उन्होंने अपने हिंदी सिनेमा करियर की शुरुआत 1967 में फिल्म 'हरे कांच की चूड़ियां' से की और इसके बाद वह 'मेरे अपने', 'शोले', छोटी सी बात', 'अभिमान', 'कोशिश', 'परिचय', 'बावर्ची', 'चुपके-चुपके', 'रफू चक्कर', 'बालिका बधु', 'हीरालाल पन्नालाल' और 'पति पत्नी और वो' में नजर आए।

'आज तक जारी है DDLJ का वो जादू' मुंबई के ‘मराठा मंदिर’ में 30 साल से दिखाई जा रही फिल्म, डायरेक्टर ने कहा था लंबी रेस का घोडा 

संबंधित समाचार