वाराणसी में जुआरियों के बीच विवाद: बीच बचाव करने पहुंची पुलिस पर चले पत्थर, पांच गिरफ्तार 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में दीपावली की रात मिर्जा मुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में पावर हाउस के पास जुआ खेलने के दौरान पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया और उप-निरीक्षक की मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। इस मामले में 16 नामजद और 60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

गिरफ्तार व्यक्तियों में मिर्जामुराद, बिहड़ा निवासी मैना पत्नी बचाऊ (44), शीला(46), बचाऊ (45), बंसी बनवासी (46) और एक 16 वर्षीय बाल अपचारी शामिल हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 190, 109, 326, 121(1), 121(2), 132, 324(4) और आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 1932 की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के समय अधिकांश लोग नशे में थे। पुलिस के अनुसार, यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती, तो नशे में धुत ये लोग किसी भी हद तक जा सकते थे। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थीं।

ये भी पढ़े : 
मुजफ्फरनगर में दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प: 8 लोग गिरफ्तार, मामला दर्ज

संबंधित समाचार