लखनऊ : घर के सामने पटाखा दगाने से टोका तो अधिवक्ता को मारी गोली
संवाददाता, चौक, अमृत विचार : ठाकुरगंज इलाके में घर के सामने पटाखे दगाने का विरोध करने से पड़ोसी ने अवैध पिस्टल से अधिवक्ता को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से घायल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गयी। परिजन ने आसपास के लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। ठाकुरगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है।
कैम्पवेल रोड एकता नगर इलाके में सुनेंद्र सिंह चौहान परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार रात पड़ोसी अमर सिंह और उनका बेटा विकास सिंह घर के सामने पटाखे दगा रहे थे। पटाखों की आवाज से सुनेंद्र के घर में पली गाय परेशान हो रही थी। इसपर उनके भाई अधिवक्ता दीपेंद्र सिंह ने कुछ दूर जाकर पटाखे जलाने की बात कही। इसपर उनका पड़ोसियों से विवाद हो गया।
बात बढ़ने पर पिता के कहने पर विकास घर के अंदर से पिस्टल निकालकर लाया। गाली-गलौज करते हुए विकास ने फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान सिर में गोली लगने से दीपेंद्र जमीन पर गिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता-पुत्र धमकाते हुए फरार हो गए। परिवारवालों ने आसपड़ोस के लोगों की मदद से घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने भाई सुनेंद्र सिंह की तहरीर पर हत्या के प्रयास व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आरोपी अमर सिंह और विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल व खोखा बरामद कर लिया है। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि पिस्टल अवैध है। केस में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ायी गयी है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : मंदिर में गिरे पानी को पेशाब बताकर बुजुर्ग से चटवाया, सीएम ने लिया संज्ञान,आरोपी गिरफ्तार
