Bareilly: यात्रियों को बेहतर सुविधा देने को इज्जतनगर मंडल तैयार, सुरक्षित यात्रा के लिए बना वार रूम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने त्योहारी सीजन और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं। मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर की डीआरएम वीणा सिन्हा ने बुधवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इज्जतनगर मंडल से देश के प्रमुख महानगरों एवं नगरों के लिए कई पूजा विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए कई गाड़ियों में कोचों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

डीआरएम के अनुसार त्योहारों के दौरान रेल संचालन पर निगरानी रखने के लिए मंडल मुख्यालय में वार रूम स्थापित किया गया है, जहां रेलवे अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। इससे भीड़भाड़ के बीच ट्रेनों के समय पालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के कई स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार किए गए हैं। गुरसहायगंज स्टेशन पर स्टेशन भवन का फसाड नवीनीकरण, आधुनिक शौचालय, प्रतीक्षालय कक्ष, वीआईपी लाउंज, प्लेटफॉर्म उच्चीकरण, दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं और आकर्षक साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

सोरों सूकर क्षेत्र स्टेशन पर प्रतीक्षालय कक्ष का विकास कर श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाई गई है। इसके अतिरिक्त हाथरस सिटी, उझानी, बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट चालू कर दी गई है। मंडल के 9 रेलवे स्टेशनों शमसाबाद, रति का नगला, अगसौली, मुरसान, मकरन्दपुर, बितरोई, किच्छा, पटियाली और गुरसहायगंज पर पैदल उपरिगामी पुल (फुटओवर ब्रिज) का निर्माण पूरा हो चुका है। मंडल के 25 रेलवे स्टेशनों पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही हल्द्वानी स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म को उन्नत किया गया है। गूलरभोज स्टेशन के प्लेटफॉर्म ऊंचे किए गए हैं, और रामनगर व बिलासपुर रोड स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाई गई है।

संबंधित समाचार