Chhath Puja 2025: छठ में घाटों पर  समतलीकरण और प्रकाश व्यवस्था कराये सुनिश्चित... चलाएं प्लास्टिक मुक्त अभियान : बोरा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार, लखनऊ : लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने पक्का पुल स्थित सांझीय घाट की साफ सफाई, घाट का समतलीकरण, झाड़ियों का कटवाना तथा घाट सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजपुरी छठ पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक वर्मा, महामंत्री एमके सिंह से प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाने की अपील की। कहा, छठ पूजा पर भक्त प्लास्टिक का उपयोग न करें, इसके लिए समिति पदाधिकारी जागरूकता अभियान चलाएं।

समिति के आरआर प्रभारी मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता नजमी मुजफर, जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, सहायक अभियंता विनोद पाठक, जेएसओ जितेंद्र गांधी, एसएचओ अंजनी एवं उद्यायन विभाग के अधिकारी के साथ महानगर उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष रमन निगम, पार्षद सुदर्शन कटियार, उपाध्यक्ष मोहित रहकवार मौजूद रहे।

तैयारियों को लेकर मंत्री ने की समीक्षा बैठक

राज्य सरकार दीपावली बाद छठ पर्व पर व्यवस्थाओं को और दुरुस्त करेगी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने छठ पर्व की तैयारियों के मद्देनजर अपने कैंप कार्यालय पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा की। इस दौरान एके शर्मा ने छठ पर्व सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लेने की हिदायत दी।

नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां इस कदर हों कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था, फॉगिंग, कीटाणुनाशक दवा के छिड़काव, घाटों का समतलीकरण तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख मार्गों एवं घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति तत्काल पूरी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पर्व के अवसर पर स्वच्छता एवं व्यवस्था ही सबसे बड़ा सेवा कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरें।

छठ पर्व पर मिलेगी निर्बाध बिजली, पूरी स्वच्छता

मंत्री ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने कहा कि घाटों एवं पूजा स्थलों के आसपास विशेष रूप से अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइटों की कार्यशीलता तथा विद्युत सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए। सभी सुपरीटेंडेंट इंजीनियर एवं अधिशासी अभियंता को यह निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहें। कहीं से भी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी फीडरों एवं ट्रांसफार्मरों की पूर्व जांच कर ली जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की स्थिति उत्पन्न न हो।

ये भी पढ़े :
Bhai Dooj Muhurat 2025: भइया दूज आज, 4 घंटे रहेगा पूजन का मुहूर्त, विधि विधान से करें बहने पूजा 

संबंधित समाचार