Bareilly : डीएम को अफसर नहीं दे रहे घटनाओं की सूचना, जताई नाराजगी
बरेली, अमृत विचार। पुलिस प्रशासन के अफसर जनपद में होने वाली घटनाओं की सूचना जिलाधिकारी अविनाश सिंह को न मोबाइल फोन पर और न ही वायरलेस पर दे रहे हैं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन के अफसरों को पत्र जारी करके प्रत्येक घटना की सूचना मोबाइल फोन या वायरलेस पर देने को निर्देशित किया है। डीएम ने सभी एडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, सभी एसडीएम, सभी सीओ और एसीएम प्रथम व द्वितीय को जारी पत्र में घटनाओं की सूचना न देने की स्थिति को अत्यंत खेदजनक बताया है।
डीएम की ओर से पुलिस प्रशासनिक अफसरों को जारी पत्र में कहा गया है कि यह देखने में आया है कि पिछले कई दिनों से जनपद में होने वाली घटनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की ओर से उन्हें नहीं दी जा रही है। अफसर न तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से सूचनाएं दे रहे हैं और न ही उनके कार्यालय में वायरलेस या दूरभाष पर सूचना नोट करवा रहे हैं। डीएम ने कहा है कि जनपद में होने वाली घटना के संबंध में जब शासन में बैठे उच्चाधिकारी जानकारी करते हैं और उस घटना के विषय में जानकारी न होने की दशा में असहजता की स्थिति उत्पन्न होती है।
डीएम ने सभी को निर्देश दिए कि भविष्य में जनपद में होने वाली प्रत्येक घटना की जानकारी दूरभाष पर एवं वायरलेस सेट पर तत्काल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे शासन में बैठे उच्चाधिकारियों द्वारा घटना की जानकारी मांगे जाने पर उनको पूरी स्थिति से अवगत कराया जा सके। डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में संबंधित अफसरों को अपने स्तर से निर्देश जारी करने का आग्रह करते हुए पत्र लिखा है।
