Amroha: तिगरी गंगा मेले में तंबुओं से आने लगी खिचड़ी की खुशबू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला, अमृत विचार। तिगरी गंगा की रेती पर अब तंबुओं का शहर बसने लगा है। तंबुओं से उड़द दाल व चावलों की खिचड़ी की खुशबू आने लगी है। चहल-पहल बढ़ने लगी है। अस्थाई कोतवाली व फायर स्टेशन बनाकर तैयार हो गया है।

तिगरी गंगा मेला स्थल पर गंगा की रेती पर करीब 10 किलोमीटर के दायरे में तंबुओं का शहर बसने लगा है। दो दिन बाद मेले में झुले, मौत का कुआं,व गंगा के आंचल में मौज-मस्ती शुरू हो जाएगी। ऐसी गतिविधियों के साथ यहां एक अलग सी अनुभूति का अहसास होता है। यही वजह है कि दूर-दूर से 25-30 लाख श्रद्धालु यहां गंगा की रेती पर तंबू लगाकर रहते हैं। हवा में उड़ रही गंगा की रेती चेहरे पर लिपट जाती है। हर चेहरे पर खुशियां बांटने की उत्सुकता दिखाई देती है। शनिवार को श्रद्धालुओं ने तिगरी गंगा मेला स्थल पर पहुंचना शुरू कर दिया। गांव पूठी व चौखट के करीब 80 परिवार समेत 100 से ज्यादा परिवार मेला स्थल पर पहुंच गए व अपने डेरे लगा दिए। हालांकि अभी बहुत कम संख्या में श्रद्धालु मेला स्थल पर पहुंचे हैं। उधर, एसडीएम विभा श्रीवास्तव का कहना है कि गंगा मेले के शुभारंभ से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

तिगरी में मेलास्थल पर दुकानें सजने लगी हैं। सॉफ्टी, पॉप कॉर्न व चाइनीज फास्ट फूड्स की दुकानें यहां तैयार हो रही हैं। श्रद्धालु मेले में चाइनीज फूड्स व सॉफ्ट का खूब लुत्फ उठाते हैं। होटल, चांट पकौड़ियों, छोलू भटूरे की दुकानें भी श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। मेले में महिलाओं के सौन्दर्य प्रसाधन, बच्चों के खेल खिलौनों, कपड़ों, किसानों के जरूरी सामान, युवाओं के खेलने के सामान आदि की दुकानें सजती हैं। यहां पर न केवल मंडल भर बल्कि अन्य मंडलों के दुकानदार भी सामान लेकर पहुंचते हैं। फोटोग्राफर की दुकानें भी यहां पर आती हैं, जहां पर श्रद्धालु कुछ ही मिनटों में अपने फोटो प्राप्त कर सकते हैं। कुल मिलाकर तिगरी मेले में श्रद्धालुओं की गंगा मैया के प्रति आस्था झलकती है तो साथ ही साथ उनके पिकनिक स्पॉट के रूप में भी मेला बन जाता है। जहां पर श्रद्धालु घूमते हैं, मनोरंजन करते हैं और मेले के बाजारों से जमकर खरीददारी करते हैं। उधर, मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए चार हवाई झूले, शर्कस, नाव झूला, ब्रेक डांस झूले सहित अन्य साधन भी उपलब्ध रहता हैं। यहां पर श्रद्धालु अपना और अपने बच्चों का मनोरंजन करते हैं।

नाव में बैठकर एसपी ने किया निरीक्षण
राजकीय तिगरी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी अमित कुमार आनन्द ने नाव में बैठकर विभिन्न गंगा घाटों, पार्किंग एवं रुट डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड को चेक किया। सीसीटीवी कमैरों से सतर्क दृष्टि रखने व ड्रोन कैमरा की मदद से निगरानी कराने के लिए अधिकारी को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम व सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा।

डीएम निधि गुप्ता ने तैयारियां देखीं
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स शनिवार को तिगरी गंगा मेला स्थल पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। वहीं अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं जल्द ही पूरा करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग से सड़कों के कार्यों की प्रगति और क्षेत्र की जानकारी की तथा कहा कि जो कार्य शेष हैं। उन्हें समय से पूर्ण कर लिया जाए। सड़के प्लेन होनी चाहिए। इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए। कहा कि सभी सुविधाएं पिछली बार से बेहतर हो श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रविवार तक सभी गंगाघाट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेल को अधिक भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाया जा रहा है। उक्त मेले में टेंट सिटी बनाई जा रही है। एडीएम गरिमा सिंह, एसडीएम विभा श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर बृजपाल सिंह व शशि भूषण पाठक, लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


100 सीसीटीवी कैमरे करेंगे मेला की निगरानी
तिगरी गंगा मेले की निगरानी इस बार 100 सीसीटीवी कैमरे और पांच ड्रोन करेंगे। इसके लिए मेला कोतवाली में पहली बार बड़ा कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिस पर मेले की पूरी जानकारी रहेगी। यहां से अधिकारी पूरे मेले पर नजर रख सकेंगे। मेला स्थल पर कैमरे लगाने का काम बहुत तेजी के साथ चल रहा है। मेला स्थल पर गंगा की रेती में झूले भी लग कर तैयार हो गए हैं। श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ ही इनका पहिया भी घूमने लगेगा। बच्चे बड़े ही उत्साह के साथ इन झूलों का आंनद लेते हैं। वीवीआईपी टेंट भी तैयार हो गए। मेला स्थल पर बड़ी संख्या में लगे तंबूओं से ऐसा लग रहा है कि मानो गंगा की रेती में शहर बस गया हो। पूरे आठ दिन तक श्रद्धालु गंगा की रेती में रहकर मेले का आंनद लेंगे।

तिगरी मेले के लिए परिवहन निगम चलाएगा 145 बस
तिगरी गंगा मेले के लिए परिवहन निगम 145 बसों को मेला स्पेशल के रूप में चलाएगा। इन बसों का संचालन 1 नवंबर से शुरू हो कर दिया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थाई बस अड्डे का भी निर्माण किया जाएगा। अमरोहा डिपो के सहायक क्षेत्र प्रबंधक के सी गौड़ ने बताया कि गंगा मेले के लिए परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं के लिए 145 बसों को संचालित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि मेले में अस्थाई बस अड्डे के साथ वर्कशॉप भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा 1 नवंबर से रोडवेज बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। 5 नवंबर को मुख्य स्नान है।रामपुर, मुरादाबाद ,संभल, बिजनौर आदि जिलों से भी रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। मेले के लिए 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी। मेले के लिए मुरादाबाद , रामपुर, चंदौसी, धामपुर, चांदपुर, नूरपुर हसनपुर से बसों को संचालित भी किया जाएगा।

संबंधित समाचार