Chhath Puja: पूर्वांचल और बिहार के लिए हर आधे घंटे में बस, परिवहन निगम ने किया 300 अतिरिक्त बसों का संचालन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः छठ महापर्व पर पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए शहर के बस स्टेशनों से प्रत्येक 30 मिनट में बसें उपलब्ध हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने इन पूर्वांचल और बिहार जाने वाले रूटों पर 300 से अधिक अतिरिक्त बसें चला रहा है। ट्रेनों में बढ़ी भीड़ के बीच अतिरिक्त बसें चलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

शहर के आलमबाग, चारबाग, कैसरबाग और अवध बस अड्डे को विशेष संचालन केंद्र बनाया है। इन बस अड्डों से सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक हर आधे घंटे पर बसें रवाना की जा रही हैं। सर्वाधिक 60 अतिरिक्त बसें लखनऊ-गोरखपुर रूट पर चलाई गई हैं। इसके अलावा बलिया (40), देवरिया (30), गाजीपुर (25), मऊ/आजमगढ़ (25), कुशीनगर/महराजगंज (20), बस्ती/गोंडा (30) और बहराइच/श्रावस्ती (15) रूटों पर भी बसें कीबढ़ाई गई हैं। अन्य 55 बसें फीडर रूटों पर छोटे जिलों और गांवों को जोड़ने के लिए लगाई गई हैं, जिससे अंतिम छोर तक यात्रियों को सुविधा मिल सके। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि यह विशेष सेवा 27 अक्टूबर तक जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर इसे 29 अक्टूबर तक बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास है कि छठ पर्व पर घर जाने और त्योहार के बाद लौटने वाले दोनों ही यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सके।

संबंधित समाचार