सपा में सब ठीक नहीं? स्टार प्रचारकों की सूची में नाम देख... आजम खान ने दिया ऐसा बयान, सब हैरान
अजमेर: उत्तर प्रदेश के दिग्गज समाजवादी नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान ने शनिवार को एक हैरान करने वाला बयान दिया। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सपा द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल आज़म ख़ान ने कहा कि उनकी सेहत ठीक नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब चुनाव में महज कुछ ही दिन बाकी हैं, जिससे लगता है कि वे बिहार में प्रचार करने शायद ही जा पाएं। गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से आजम खान और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के बीच मतभेद की अफ़वाहें उड़ती रही हैं, हालांकि दोनों नेताओं ने इन्हें सिरे से नकारा था।
"स्वास्थ्य पहले ठीक हो, तबीयत ख़राब है"
आज़म खान ने स्पष्ट कहा, "मेरा स्वास्थ्य पहले ठीक हो, तबीयत ठीक नहीं चल रही।" स्टार प्रचारकों की सूची में अपना नाम देखने पर उन्होंने खुद पर लगे पुराने आरोपों का ज़िक्र करते हुए तंज कसा, "जाहिर है, एक चोर का नाम इस लिस्ट में नहीं होना चाहिए।" वे मुर्गी-बकरी चोरी समेत कई पुराने मुकदमों की ओर इशारा कर रहे थे। सपा ने बिहार चुनाव के लिए जारी अपनी स्टार प्रचारकों की सूची में आज़म ख़ान को शामिल किया है, जबकि वे हाल ही में लंबी जेल अवधि के बाद रिहा हुए हैं। एनडीए नेताओं ने इसे लेकर सवाल उठाए हैं कि जेल से निकले व्यक्ति को स्टार प्रचारक कैसे बनाया गया।
"राष्ट्रीय अध्यक्ष का अनुभव मुझसे कहीं ज़्यादा है"
अखिलेश यादव के दावे पर कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी, आज़म ख़ान ने कहा, "राष्ट्रीय अध्यक्ष का अनुभव मुझसे कहीं ज़्यादा है। हमें ऐसी ख़बरों से सुकून मिलता है।" बिहार में महागठबंधन द्वारा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा बनाने पर उन्होंने कहा, "अगर यह गठबंधन का फ़ैसला है, तो सबको स्वीकार्य है।" चिराग पासवान के बयान पर कि 'मुस्लिम वोट बैंक के लिए तेजस्वी को सीएम फेस बनाया गया', आज़म ने पलटकर पूछा, "तो क्या मुसलमानों को समंदर में डुबो देना चाहिए?"
आज़म ख़ान का यह बयान सपा के भीतर सब कुछ सामान्य होने के दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह सिर्फ़ स्वास्थ्य का बहाना है या अखिलेश से मनमुटाव का संकेत? राजनीतिक गलियारे में चर्चाओं का बाज़ार गर्म है।
