अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार ने किसानों को 'बर्बाद' कर दिया
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों की खाद संबंधी समस्याओं को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को 'बर्बाद' कर चुकी सरकार के पास किसानों के लिए झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं है।
अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में आरोप लगाया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में किसानों को लगातार खाद के संकट से जूझना पड़ रहा है तथा धान के बाद अब गेहूं और अन्य फसलों की बुआई के लिए खाद नहीं मिल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि डीएपी, एनपीके आदि अन्य उर्वरकों के लिए किसान दर-दर भटक रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लखीमपुर खीरी, महोबा, फतेहपुर, बदायूं, अमेठी समेत विभिन्न जिलों में सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। किसान दिन भर इंतजार करते हैं लेकिन उन्हें खाद नहीं मिलती है।
सपा अध्यक्ष ने कहा, "खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी जारी है। इस गोरखधंधे में भाजपा के लोग शामिल हैं। सरकार के पास किसानों के लिए झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं है।"
अखिलेश यादव ने कहा, "भाजपा सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। किसानों की लगातार उपेक्षा हो रही है। भाजपा चाहती है कि किसान परेशान होकर खेती करना छोड़ दें, जिससे वह किसानों की जमीन औने-पौने दाम पर उद्योगपतियों को दे दे। भाजपा पूरी साजिश के तहत किसानों को खेती और उनकी जमीनों से दूर कर रही है।"
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश के किसानों को पहले धान की फसल के लिए खाद नहीं मिली। कई जगह किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। किसान घायल हुए। अब वही स्थिति गेहूं की फसल के लिए भी है। यादव ने कहा कि प्रदेश का किसान त्रस्त है इसलिए साल 2027 में भाजपा सत्ता से हटेगी तभी किसानों की समस्याओं का समाधान होगा।
