आनंदी वॉटर पार्क के एमडी समेत तीन पर धोखाधड़ी का केस, जानें पूरा मामला
लखनऊ, अमृत विचार: आनंदी वॉटर पार्क के एमडी सहित तीन लोगों पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। आरोपियों ने कमेटी में निवेश कर दो साल में दोगुना रकम देने का लालच देकर रुपये ऐंठे और बाद में धमकाया। कोर्ट के आदेश पर ठाकुरगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह चौहान के मुताबिक, डालीबाग कॉलोनी निवासी विवेक भदौरिया ने बताया कि अक्टूबर 2019 में आनंदी वॉटर पार्क के एमडी राकेश कुमार अग्रवाल उर्फ हैप्पी अग्रवाल, मैनेजर दीपू शुक्ला उर्फ दीपू आनंदी और सुमित आनंदी ने उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने निवेश योजना में दो साल में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। विश्वास में आकर विवेक ने सात किस्तों में कुल 21.07 लाख रुपये निवेश किए।
निर्धारित समय के बाद जब विवेक ने मुनाफा और रकम मांगी, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। विरोध करने पर धमकी दी कि गोली मारकर नहर में फेंक देंगे। विवेक के अनुसार, पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
