Amroha :मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से किया तिगरी गंगा मेले का निरीक्षण
गजरौला, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हेलीकाप्टर से तिगरी गंगा मेले का निरीक्षण किया। इसके बाद हेलीकाप्टर गंगा पार के मेले में उतर गया। वहां पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे। मुरादाबाद मंडल के अधिकारी भी नाव से गंगा पार के मेले में पहुंचे।
दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर तिगरी गंगा मेलास्थल के ऊपर घूमने लगा। पहले तो कोई समझ नहीं पाया। हर कोई हेलीकाप्टर को देखने लगा। हेलीकाप्टर काफी नीचे उड़ रहा था। इसके बाद हेलीकाप्टर गंगा पार के मेलास्थल पर उतरा। जो तिगरी से साफ दिखाई दे रहा था। श्रद्धालुओं को तब जानकारी हुई कि हेलीकाप्टर में मुख्यमंत्री थे। इसी बीच डीआईजी मुनीराज, डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अमित कुमार आनंद समेत कई अधिकारी नाव से गंगा पार पहुंचे। वहां मुख्यमंत्री को तिगरी गंगा मेले की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर बसने लगा है। रविवार सुबह से श्रद्धालुओं का रेला तिगरी की ओर बढ़ना शुरू हो गया। तिगरी गंगा मेले में इस बार 25 से 30 लाख तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। मेले का शुभारंभ होने में अब मात्र चार दिन का समय शेष है। 1 नवंबर को मेले का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। इसके उलट मेला स्थल पर अभी तक भी तैयारियां पूरी नहीं की जा सकी हैं। फिलहाल गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर बसने लगा है।
श्रद्धालु अपने तंबू लगा रहे हैं, मेला स्थल लगभग भर सा गया है। अभी भी श्रद्धालुओं की आने का सिलसिला लगातार जारी है।दूसरी ओर रविवार सुबह गंगा घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हर-हर गंगे के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। घाटों के किनारे अनुष्ठान कराते हुए परिवार व समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान रहेगा, जिसमें 25 से 30 लाख तक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सदर गेट बनकर तैयार
तिगरी गंगा मेला स्थल पर सदर गेट बनकर तैयार है और अन्य सड़कें भी बन रही हैं। प्रशासन मेले की तैयारियों में जुटा है और इस बार मेले के भव्य आयोजन के लिए कई इंतज़ाम किए गए हैं। मेला स्थल को 21 सेक्टरों में बांटा गया है और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं।
वृंदावन के कलाकारों से सजेगा गंगा मेला का मंच
इस बार तिगरी गंगा मेले का मंच हंसी व उल्लास से भरा रहेगा। दरअसल कई बड़े गायक मेले के मंच से अपने गान प्रस्तुत करेंगे। वहीं वृंदावन का बांसुरी ग्रुप राधा-कृष्ण का नृत्य प्रस्तुत करेगा। बृज की होली की प्रस्तुति देगा। इतना ही नहीं सोनी के विजेता रजत सूद अपनी कामेडी से श्रद्धालुओं को खूब हंसाएंगे।तिगरी गंगा मेले में काशी की तर्ज पर रोजाना शाम को आरती होगी। इस आरती में आम लोग भी शामिल हो सकेंगे। यह आरती वीआईपी गंगाघाट पर संपन्न होगी। इसके अलावा गंगा मेले के मंच पर एक अक्तूबर से रोजाना आलग-अलग कार्यक्रम होंगे। ईओ अमरोहा डा.बृजेश कुमार ने बताया कि एक अक्तूबर को लखनऊ का नित्याजंलि ग्रुप रामायण की प्रस्तुति देगा।
मंडी धनौरा में स्थित ब्लू वर्ल्ड स्कूल के बच्चों के द्वारा गंगा अवतरण की सुंदर प्रस्तुति दी जाएगी। दो अक्तूबर को मुरादाबाद के प्रसिद्ध जादूगर जुग्नू मैजिक शो करेंगे। वृंदावन से आए बांसुरी ग्रुप के कलाकार राधा-कृष्ण का नृत्य प्रस्तुत करने के साथ ही श्रद्धालुओं को बृज होली का नजारा भी दिखाएंगे। तीन अक्तूबर को हरियाणवी कलाकार रूचिका जांगड़, बॉलीवुड की गायिका आकांशा शर्मा अपने गाने प्रस्तुत करेंगी। सोनी लिव के विजेता रजत सूद अपनी कामेडी से श्रद्धालुओं को हंसाएंगे। वहीं चार अक्तूबर को बॉलीवुड की गायिका निष्ठा शर्मा गंगा मेले के मंच से गाने प्रस्तुत करेंगी।
अधिकारी व कर्मचारी किसी से नहीं करें दुर्व्यवहार
गजरौला, अमृत विचार: अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा ने रविवार को तिगरी गंगा मेला स्थल पर ब्रीफिंग की। उन्होंने सेक्टर जोनल मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेले को सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को अच्छे से निभाएं। उन्होंने कहा कि हमारा व्यवहार सभी श्रद्धालुओं के लिए बहुत अच्छा हो तथा श्रद्धालुओं को अपने परिवार का सदस्य समझ कर व्यवहार करें। उन्होंने कहा जो यहां पर श्रद्धालु स्नान करने आ रहे हैं। उनका सुरक्षित स्नान करते हुए पुण्य में सहभागी बनें। सभी अधिकारी हर समय सजग रहें। गंगा किनारे जो स्थान स्नान करने के लिए बनें है। उन्हीं घाटों को श्रद्धालुओं को स्नान करने के लिए बताएं।
उन्होंने कहा कि सभी जोन और सेक्टर के प्रभारी अपने अधीनस्थों को ब्रीफ करें। उन्होंने सभी से टीम वर्क में अपनी ड्यूटी को करने के लिए निर्देशित किया। पूर्व में भी मिला सफल रहा है। इस बार और भी बेहतर मेला बनाना है। उन्होंने क्राउड मैनेजमेंट के लिए भी सभी अधिकारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसलिए सभी अधिकारी अलर्ट रहें। पेट्रोलिंग मेला परिसर व बाहर भी करते रहें। किसी भी स्थिति में जाम नहीं लगें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेपरि है। मेले में आने वाले श्रद्धालु यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। इस दौरान डीआईजी मुनीराज, डीएम निधि गुप्ता वत्स, एसपी अमित कुमार आनन्द समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
