शर्मनाक : सरकारी मेडिकल कॉलेज में महिला तीमारदार से रेप, दरिंदगी करने वाला सफाई कर्मचारी गिरफ्तार
शाहजहांपुर, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार सुबह इलाज के लिए आई एक महिला के साथ सफाईकर्मी ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद महिला किसी तरह आरोपी से बचकर मेडिकल कॉलेज की पुलिस चौकी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाईकर्मी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना कांट क्षेत्र का निवासी एक व्यक्ति पिछले तीन दिनों से मेडिकल कॉलेज के पुरुष मेडिसिन वार्ड में भर्ती है। उसकी देखभाल के लिए उसकी भाभी अस्पताल में ही रुकी हुई थी। सोमवार सुबह महिला ने अपने देवर को बेहतर इलाज दिलाने के लिए वहां तैनात सफाईकर्मी से मदद मांगी। आरोपी ने उसे डॉक्टर से मिलवाने का झांसा दिया और स्टाफ वॉशरूम में ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी को वह पहले से जानती थी, क्योंकि वह भी उसी इलाके का रहने वाला है। महिला ने बताया कि जब उसने मदद मांगी, तो आरोपी उसे डॉक्टर बुलाने के बहाने साथ ले गया और रास्ते में स्टाफ शौचालय में बंद कर दिया। किसी तरह आरोपी से खुद को छुड़ाकर महिला ने शोर मचाया और सीधे चौकी पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई।
घटना की जानकारी होने पर पीड़िता का पति भी अस्पताल पहुंच गया। उसने बताया कि वह बाहर मजदूरी करता है और घटना के वक्त घर पर था। सुबह जब अस्पताल आया तो पत्नी को पुलिस चौकी में पाया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी सफाईकर्मी अपने काम पर लौट आया था।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने फर्म के कर्मचारी जयशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वह “सन फैसिलिटी” नाम की प्राइवेट एजेंसी के तहत काम करता था और पुरुष मेडिसिन वार्ड में तैनात था, जहां पीड़िता का देवर भर्ती है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी कॉलेज का नियमित कर्मचारी नहीं है। फर्म को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
