बाराबंकी : जंपिंग झूले से जमीन पर गिरे किशोर की मौत, छठ पूजा मेला के दौरान हुआ हादसा
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। मंगलवार को मेला में जंपिंग झूले पर कूद रहा एक किशोर असंतुलित होकर सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर दशा में लोग उसे सीएचसी ले गए पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया वहीं छठ पूजा को लेकर लगे मेले में मायूसी छा गई।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसंतापुर गांव निवासी 14 वर्षीय विमलेश पुत्र स्वर्गीय अयोध्या मंगलवार को अपने साथियों के साथ हलबलपुर में लगे छठ पूजा मेले में गया था। मेला घूमते समय वह जंपिंग झूले पर कूदने लगा।
इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा। गिरने के बाद उसकी गर्दन में गंभीर चोट लग गई। साथी युवक तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा कि मृतक विमलेश चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके सिर से पिता का साया पहले ही हट चुका है। सूरतगंज चौकी प्रभारी उमेश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा जंपिंग झूले पर कूदते समय हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
