बाराबंकी : खूनी संघर्ष मे घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। तीन दिन पूर्व घुमंतू नट समुदाय के दो पक्षों में मामूली कहासुनी के बाद हुए खूनी संघर्ष में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर दो को जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, लखनऊ जनपद के महिगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पुहुकपुर निवासी श्याम कुमार (35) पुत्र चंद्रपाल अपने परिवार के साथ तीन दिन पहले देवा मजार घूमने आया था। वह कर्बला के पास डेरा डाले हुए था।  इसी दौरान लखनऊ के बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसामऊ निवासी लखन और उमेश भी अपने साथियों के साथ वहीं ठहरे थे।

कस्बा इंचार्ज छट्टू चौधरी ने बताया कि 26 अक्टूबर को दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि लखन, टऊआ (भैंसामऊ निवासी) तथा गुड्डू और संदीप (पुहुकपुर निवासी) ने मिलकर श्याम को लाठी-डंडों से पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

परिजन घायल श्याम को बाराबंकी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। रास्ते में ही श्याम की मौत हो गई। मृतक की पत्नी उर्मिला की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने लखन और उमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य दो आरोपी गुड्डू और संदीप की तलाश जारी है।

संबंधित समाचार