UP: सड़क हादसे में साले बहनोई समेत तीन की मौत, एक घायल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र में रविवार की देर रात करीब 10 बजे के बाद भीषण हादसा हो गया। सेमरा जोनपुर मोड़ के पास दो बाईकों की आमने सामने टक्कर में साले-बहनोई समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।
मोहम्मदी कोतवाली के गांव शाहपुर जागीर निवासी विजय कुमार (36) अपने बहनोई जितेंद्र (22) के साथ कस्बा बरवर सामान खरीदने आए थे। देर रात वापस जाते समय सिमरा जानीपुर निवासी रोहित (25) की बाइक से टक्कर हो गई।
हादसे में विजय, उसके बहनोई जितेंद्र और दूसरी बाइक के चालक रोहित की मौत हो गई, जबकि रोहित की बाइक पर सवार रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
