Ayodhya News: अयोध्या डिपो से मेडिकल कॉलेज के लिए चलेगी ई-बस, देखें क्या है रूट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

परिवहन निगम बसों का संचालन बंद करने का कर रहा था विचार, ''अमृत विचार'' ने सुझाया मार्ग

अयोध्या, अमृत विचार: अब अयोध्या डिपो से फतेहगंज ओवरब्रिज, वजीरगंज जप्ती, देवकाली तिराहे होते हुए मेडिकल कॉलेज तक ई-बस का संचालन होगा। यह सेवा हर आधे घंटे पर मिलेगी, बुधवार से इसकी शुरूआत हो गई।

पूर्व में अमृत विचार की पहल पर परिवहन निगम ने सहादतगंज से हाईवे पर नाका, देवकाली, मेडिकल कॉलेज होते हुए पूरा बाजार तक ई-बस सेवा का संचालन किया जा रहा था। किराया ज्यादा होने व यात्रियों की पर्याप्त संख्या न होने के कारण यह संचालन घाटे में हो रहा था। इसको लेकर परिवहन निगम बसों के संचालन को बंद करने का विचार कर रहा था। ई-बस डिपो के मैनेजर अनूप अवस्थी ने अमृत विचार से संपर्क किया व पूरी बात बताकर सुझाव मांगे। इस पर अमृत विचार ने बसों का संचालन हाईवे से न करके शहर के अंदर से करने का नया मार्ग सुझाया। सुझाव पर अमल कर बुधवार से नए रूट पर बसों का संचालन प्रारंभ कर दिया। हालांकि पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही, उम्मीद है कि जल्द ही यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा।

इस मार्ग से होकर चलेंगी ई-बस

अयोध्या डिपो से चलने वाली सिटी ई-बस सिविल लाइंस, पुष्पराज चौराहा, जेल रोड, जीआईसी के पास से फतेहगंज ओवरब्रिज, वजीरगंज जप्ती, देवकाली तिराहा, देवकाली हाईवे पार कर शंकरगढ़ होते हुए मेडिकल कॉलेज जाएगी। इस मार्ग पर चार बसों का संचालन इस प्रकार किया जाएगा कि अयोध्या डिपो व मेडिकल कॉलेज से हर आधे घंटे पर यह सेवा लोगों को मिलेगी।

अयोध्या डिपो से मेडिकल कॉलेज का किराया 20 रुपये

इस बस सेवा में अधिकतम किराया 20 रुपये व न्यूनतम 10 रुपये निर्धारित किया गया है। ई-बस डिपो के मैनेजर अनूप अवस्थी ने बताया कि अयोध्या डिपो से देवकाली हाईवे तक किराया मात्र 10 रुपये, जबकि मेडिकल कॉलेज तक का किराया 20 रुपये निर्धारित किया गया है।

हाईवे से मेडिकल कॉलेज होते हुए पूरा बाजार तक जाने वाली ई-बस के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। अब यह बस शहर के अंदर से होकर गुजरेगी, बुधवार से इस सेवा का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।

-विमल राजन, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम।

संबंधित समाचार