लखीमपुर खीरी : ओवरलोड मार्बल लदे टेंपो से दो बाइक टकराई, दो की मौत, तीन घायल
निघासन/सिंगाही/लखीमपुर, अमृत विचार। थाना सिंगाही क्षेत्र में शनिवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। कस्बे से सिंगाही की ओर जा रहे ओवरलोड मार्बल से भरे टैंपो से दो बाइक टकरा गईं, जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और बच्चे घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसा शाम करीब सात बजे हुआ।
थाना सिंगाही के गांव तकिया पुरवा निवासी दीपू (30) अपने पांच वर्षीय बेटे अवि, सात वर्षीय बेटी प्रियंका और भतीजी चांदनी (12) के साथ सिंगाही मेला देखने जा रहे थे। उनके पीछे इसी गांव के करदहिया निवासी 22 वर्षीय धीरज भी बाइक से जा रहा था। निघासन-बिलरायां स्टेट हाइवे पर सिंगाही थाना क्षेत्र में स्थित श्मशान घाट के पास ओवरलोड मार्बल लदे टैंपो से धीरज की बाइक टकरा गई, जिससे धीरज की मौके पर मौत हो गई।

उसके पीछे आ रहे दीपू की बाइक भी टैंपो से टकरा गई और दीपू की भी मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में अवि, प्रियंका और चांदनी घायल हो गए। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह ने घायलों को पिकअप से सीएचसी भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सभी को लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर किया है। घटना के बाद टैंपो चालक मौके से फरार हो गया। बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
परिवार वालों का आरोप है कि टैंपो में पीछे की लाइट नहीं जल रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे में मौत होने की जानकारी मिलते ही दोनों मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग तमाम ग्रामीणों के साथ सीएचसी पहुंच गए। शवों को देख उनमें चीख पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
