कानपुर : कानपुर मंडल के सहायक आयुक्त औषधि, ड्रग इंस्पेक्टर हटाए गए
कार्यालय संवाददाता, कानपुर, अमृत विचार : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि के आयुक्त की अगुवाई में विभागीय टीम द्वारा कानपुर में नॉरकोटिक्स श्रेणी की औषधियों के भंडारण और विक्रय की जांच की गई, जिसमें कई प्रकार की अनियमितताएं मिली हैं, इस मामले में लापरवाही के लिए कानपुर मंडल में तैनात सहायक आयुक्त (औषधि) दिनेश कुमार तिवारी एवं कानपुर नगर में तैनात औषधि निरीक्षक रेखा सचान को मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश द्वारा कोडीनयुक्त कॅफ सीरप व अन्य नॉरकोटिक्स श्रेणी की औषधियों के नशे के रुप में दुरुपयोग को रोकने एवं संलिप्त व्यक्तियों तथा फर्मों पर सख्त कार्रवाई के लिए दवाओं के गोदाम और रखरखाव के स्थानों का औचक छापेमारी की गई। जिसमें कई लोगों को नॉरकोटिक्स श्रेणी के औषधियों के अवैध व्यवसाय में संलिप्ता पकड़ में आई है।
जिन फर्मों में अनियमितता पाई गई है, उनके खिलाफ एनडीपीएस एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये गये हैं। जांच के मुताबिक बिहराना रोड स्थित अग्रवाल ब्रदर्स के गोदाम पर औषधियों के भंडारण, व्यवस्था एवं रखरखावमें कई अनियमितताएं पाई गई। यहां कई ब्रांडों के कोडीनयुक्त कफ सीरप एवं अन्य नॉरकोटिक्स श्रेणी के औषधियों की भारी मात्रा के साथ-साथ कई प्रकार की अवसानित औषधियों की भारी मात्रा में भंडारित पाई गई। विक्रय प्रतिष्ठान से कंप्यूटर को जान बूझकर हटा दिया गया। इसके स्वामी भी उपस्थित नहीं हुए। इसी प्रकार वेदांस फार्मास्युटिकल्स बिरहाना रोड, मेडिसना हेल्थकेयर कोपरगंज, मोसाईको एजेंसीज कोपरगंज समेत कई एजेंसियों एवं उनके गोदाम में अनियमितताएं पाई गई।
