लंबी कतारें और जोश ... अग्निवीर भर्ती में गाजीपुर-देवरिया के युवाओं ने बहाया पसीना, वाराणसी में 651 अभ्यर्थी दौड़ में पास
वाराणसी। वाराणसी में छावनी स्थित रणबांकुरा स्टेडियम में आठ नवंबर से चल रही अग्निवीर सेना भर्ती रैली के तहत शनिवार को देवरिया और गाजीपुर जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया संपन्न हुई। कुल 1233 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें देवरिया के 430 और गाजीपुर के 803 अभ्यर्थी शामिल थे। इनमें से 996 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। निर्धारित दौड़ पूरी करने के बाद 651 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया।
भर्ती प्रक्रिया का नेतृत्व बरेली एआरओ के भर्ती निदेशक कर्नल मानस महापात्रा ने किया। उनके निर्देशन में पूरी प्रक्रिया अनुशासित, पारदर्शी और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई। मैदान में मौजूद भर्ती दल, सुरक्षा टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की। सुबह से ही स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें और जोश देखने को मिला।
अभ्यर्थियों में चयन को लेकर उत्साह और प्रतिस्पर्धा खूब नजर आई। इस दौरान सैन्य अधिकारी रेस के दौरान अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करते भी दिखाई दिए। इसी क्रम में आगामी 16 नवंबर को गाजीपुर जिले की जखनियां, सैदपुर और मोहम्मदाबाद तहसीलों के कुल 1260 अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। भर्ती निदेशालय ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़े :
सीएम योगी करेगें समीक्षा बैठक, IT एवं इलेक्ट्रॉनिक्स और MSME विभाग का करेगें निरीक्षण
