कूड़े का प्लास्टिक बना सकता है पेट्रोल... छात्रों ने बताया ये यूनिक तरीका

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: क्या कूड़े में फेंका जाने वाला प्लास्टिक पेट्रोल में बदला जा सकता है? घर को वायु-प्रदूषण से कैसे बचाया जाए? नदियां वास्तव में कितनी स्वच्छ हो सकती हैं? गणित क्या केवल क्लासरूम का विषय है या रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा भी है? इन जिज्ञासाओं के जवाबों के साथ केके अकादमी का दो दिवसीय वार्षिक उत्सव शनिवार को शुरू हुआ।

कार्यक्रम में छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर तरह-तरह के प्रयोग प्रस्तुत किए। प्राइमरी वर्ग के बच्चों ने पानी की बचत पर प्रभावशाली संदेश दिया। आयोजन का खास पहलू यह रहा कि लगभग सभी छात्रों ने इसमें भाग लेकर टीमवर्क के साथ अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा का भी प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में माता-पिता और परिजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास हर वर्ष किया जाता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य लक्ष्मी कौल ने कहा कि वार्षिक उत्सव छात्रों की मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों का सम्मान है। ऐसे आयोजन छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, सहयोग की भावना विकसित करते हैं और पूरे विद्यालय समुदाय को एक सूत्र में पिरोते हैं।

संबंधित समाचार