लखीमपुर खीरी: खड़े ट्रक में घुसे लोहे के गाटर, चालक की दर्दनाक मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैगलगंज, अमृत विचार। मैगलगंज बाईपास पर रविवार की तड़के हाईवे पर खड़े एक ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे आ रहे ट्रक में लदे लोहे के गाटर आगे बढ़ते हुए केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गए, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

छत्तीसगढ़ से संभल की ओर जा रहा ट्रक लोहे के गटर लेकर जा रहा था। बाइपास पर खड़े ट्रक की समय रहते लोकेशन न दिखने से तेज रफ्तार ट्रक सीधे उसमें जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक राजेश्वरी पटेल (36) निवासी पचौर जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) केबिन में फंस गए। गाटर के केबिन में घुस जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकलवाया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइपास पर खड़े भारी वाहनों के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। कई बार सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर लाइट या संकेतक न होने से ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार