भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने धान खरीद पर उठाए सवाल, कहा- 'किसानों के नहीं, व्यापारियों के खरीदे जा रहे धान'
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कमेंट पर सरकार की उड़ रही खिल्ली
हरदोई। अपने बेबाक बयान और अनोखे अंदाज़ के लिए पहचाने जाने वाले भाजपा विधायक श्याम प्रकाश फिर एक बार सुर्खियों में आ गए। सरकार के तमाम दावों के बाद भी धान क्रय केन्द्रो की ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है।भाजपा विधायक ने सोशल मीडिया पर उसी हकीकत को बे-पर्दा कर दिया।
उन्होने साफ-साफ लिखा कि सच है कि धान क्रय केन्द्रो पर 80 प्रतिशत किसानों का नहीं बल्कि व्यापारियों के धान की खरीद हो रही है। भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने हर बार अपने बेबाक अंदाज़ से अपनी ही सरकार को घेरने की कोशिश की है।
इस बार उन्होने सरकारी धान क्रय केन्द्रो को निशाने पर लेते हुए सरकारी सिस्टम की बखिया उधेड़ कर रख दी।उन्होने सोशल मीडिया पर अपना तीखा कमेंट कर खुद सरकार को आड़े हाथों लिया।
भाजपा विधायक ने सरकारी धान खरीद पर करारा तंज कसते हुए लिखा है कि 'यह सच है कि धान क्रय केन्द्र पर 80 प्रतिशत किसानों का नहीं,बल्कि व्यापारियों के धान की खरीद हो रही है।। यह भी भ्रष्टाचार की एक बानगी है।।'
भाजपा विधायक श्यामप्रकाश ने अपने एक कमेंट से ही सरकारी खरीद केंद्रों की हकीकत बे-पर्दा कर दिया है। विधायक के तीखे कमेंट का सरकार के ज़िम्मेदारों को जवाब देते नहीं बन रहा है।
