जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू, 24 नवंबर से तक करें अप्लाई, प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों की होगी नियुक्ति

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में 253 प्रधानाध्यापक और 1262 सहायक अध्यापकों की लंबित भर्ती प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। वर्ष 2021 में आयोजित परीक्षा और 6 सितंबर 2022 को जारी संशोधित परिणाम के बाद चयनित अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब बेसिक शिक्षा विभाग ने आवेदन प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।

बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल के अनुसार, 24 नवंबर से 14 दिसंबर तक पात्र अभ्यर्थी वेबसाइट jhsaidedposting.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद 23 दिसंबर को एनआईसी चयन सूची जारी करेगा। चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों से 24 से 30 दिसंबर तक विद्यालय विकल्प लिए जाएंगे। चयन और विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 10 जनवरी 2026 को सूची जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद 11 से 15 जनवरी तक बीएसए कार्यालयों में अभ्यर्थियों के अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण पूरा होने पर 20 जनवरी 2026 तक संस्थागत प्रबंधन को नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश भेजे जाएंगे। नियुक्ति प्राधिकारी 30 जनवरी 2026 को नियुक्ति पत्र जारी करेंगे।

चयनित अभ्यर्थियों को 15 फरवरी 2026 तक अपने आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद एक माह के भीतर सभी अभिलेखों का सत्यापन पूर्ण किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल उन्हीं अभ्यर्थियों के लिए मान्य होंगे, जिन्होंने 2021 की संशोधित परीक्षा में सफलता हासिल की है। विभाग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर विस्तृत सूचना प्रकाशित करने के निर्देश भी दिए हैं।

 

संबंधित समाचार