दुल्हन की तरह सज रही रामनगरी... रंग बिरंगी झालरों, पुष्प और दीपों से सज रही अयोध्या, राम नाम संकीर्तन से गूंजेगी अयोध्या

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: राममंदिर में 25 को होने वाले ध्वजारोहण को लेकर रामनगरी को दुल्हन की तरह सजाया संवारा जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि में प्रवेश के तीन मार्ग श्रीराम जन्मभूमि पथ, क्रॉसिंग नंबर- 3 व 11 पर सुगंधित फूलों से भव्य गेट बनाया जा रहा है। रामपथ पर लगे वृक्षों पर लग रही रंग बिरंगी लाइटें आकर्षक का केंद्र बन रही है। अयोध्या वासियों ने अपने घरों में घी के दीपक भी जलाने की तैयारी की है।

MUSKAN DIXIT (23)

वेदों, पुराणों में वर्णित है कि जब राम अयोध्या लौटे थे, तब पूरी नगरी दीपों, पुष्पों और ध्वजों से सजी थी। वही चित्र आज आधुनिक अयोध्या में साकार होता दिख रहा है। इस शुभ कार्य से पूर्व अयोध्या को सजाने संवारने की कवायद तेज हो गई है। रामपथ पर लगे डिवाइडरों की रंगाई पुताई हो व चुकी है। धर्मपथ, आगमन पथ, चूड़ामणि चौराहे से हाईवे तक जाने वाले मार्ग के दोनों किनारों पर सुगंधित फूलों के गमले लगाए जा रहे हैं। रामकथा पार्क, लता चौक, उदया चौराहा, चूड़ामणि चौराहा समेत अन्य प्रमुख स्थानों को भगवा रंग के कपड़े से सजाया जा रहा है। प्रयास इस तरह का है कि पूरी अयोध्या दुल्हन की तरह सजी नजर आए।

MUSKAN DIXIT (24)

नगर विधायक ने किया आह्वान, झालरों से सजाए घर, जलाएं घी के पांच दीपक

अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने शनिवार को जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से अपील की है कि 25 नवंबर को सभी सुबह से घर में भगवा ध्वज फहराएं। शाम होते ही पांच घी का दीपक घर, आंगन और मंदिर में प्रज्वलित किया जाए। परिवार संग बैठकर राम नाम संकीर्तन करें। विधायक ने भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव संग विजय राम शक्ति स्मारक इंटर कॉलेज, कादीपुर, निर्भय सिंह औद्योगिक इंटर कॉलेज, कर्मा, ग्रामोदय महाविद्यालय रामपुर सर्धा सहित राम पथ पर पैदल भ्रमण कर व्यापारियों व आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या सूर्यवंश की राजधानी है। भगवान सूर्य को लाल रंग प्रिय है, इसलिए पुष्प सज्जा और लाइटिंग में लाल रंग का विशेष रूप से प्रयोग किया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रधानमंत्री के ध्वजारोहण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण परिवार सहित अवश्य देखें। जनसम्पर्क के दौरान अरविंद सिंह, कपिल वर्मा, दिनेश मिश्रा, संतोष सिंह, राम अनुज सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार