Sambhal : पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या, 72 घंटे में किया खुलासा
संभल/बहजोई, अमृत विचार। बहजोई कोतवाली क्षेत्र के गांव पंवासा में ग्रामीण की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया तो पत्नी की शर्मशार कर देने वाली करतूत सामने आई। ग्रामीण ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद आत्महत्या साबित करने के लिए शव फंदे से लटका दिया था। पुलिस ने पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पंवासा में 17 नवंबर को 54 वर्षीय पूरन सिंह कठेरिया का शव घर के कमरे में कुंडी से लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो पत्नी विनोद देवी ने पोस्टमार्टम का विरोध करते हुए खुद को कमरे में बंद कर आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस ने महिला को समझाकर कमरे से बाहर निकाला और विरोध के बावजूद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बहरहाल पत्नी ने पति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध किया तो पुलिस को संदेह हुआ। इस बीच पूरन के बेटे सुमित प्रताप सिंह उर्फ कन्हैया ने भी पिता की मौत के मामले की गहनता से जांच करने की मांग पुलिस से की। पुलिस जांच में पूरन की मौत का सच सामने आया तो 20 नवंबर को पूरन के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पूरन की पत्नी विनोद देवी और गांव के ही श्याम सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।
राशन डीलर प्रेमी के साथ मिलकर ली पति की जान
बहजोई के थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि पूरन सिंह की पत्नी विनोद देवी का गांव के ही राशन डीलर श्याम सिंह से कई सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। विनोद देवी और श्याम सिंह के मकान एक-दूसरे के पास हैं, जिससे उनका संपर्क लगातार बना रहता था। पूरन प्राइवेट बस पर कंडक्टर था। पूरन सिंह को पत्नी के राशन डीलर से अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। इसी वजह से दंपती में अक्सर विवाद होता रहता था। पूरन जब विनोद देवी व प्रेमी श्याम सिंह के मिलन में बाधक बना तो उन्होंने पूरन को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। 17 नवंबर को विनोद देवी ने प्रेमी श्याम सिंह को घर बुलाया।
दोनों ने मिलकर पूरन सिंह का गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दिन पूरन की बहन अपने बेटे की शादी का भात देने आई थी और उसके वापस जाते ही हत्या कर दी गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के इरादे से शव को कमरे में फंदे से लटका दिया गया। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
