Bareilly: करोड़ों के संपत्ति कर बकाये में 108 की चल-अचल संपत्ति कुर्क की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम भवनों का संपत्ति कर जमा न करने वाले बड़े बकायादारों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। नगर निगम के चारों जोन में करीब 108 ऐसे बड़े बकायेदार हैं, जिन पर संपत्ति कर का कई करोड़ रुपये बकाया है। नगर आयुक्त ने इन सभी बकायेदारों की संपत्ति में मोटर कार, फ्रिज, एसी, कूलर फर्नीचर, टीवी एवं भवन का अन्य सामान और बैंक खाता आदि कुर्क करने की तैयारी की है। इससे पहले सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए बकायेदारों को एक मौका दिया है। इसके बाद कुर्की होगी।
नगर आयुक्त की ओर से कुर्की/नीलामी का सार्वजनिक नोटिस की विज्ञप्ति प्रकाशित कराने के बाद बकायेदारों में खलबली मची है। नगर आयुक्त संजीव मौर्य की ओर से नोटिस के जरिये सभी बकायेदारों को सूचित करते हुए कहा है कि वित्तीय वर्ष 2026-26 में 108 भवन स्वामियों पर भवनों का संपत्ति कर की बड़ी बकायेदारी है। नगर निगम ने सभी को बिल भेजे हैं। संपत्ति कर की अवशेष धनराशि जमा न होने की दशा में बकायेदारों को धारा 506 के अन्तर्गत मांग नोटिस भी जारी किए गए हैं। काफी प्रयास के बावजूद इन बकायेदारों ने संपत्ति कर की बकाया धनराशि का भुगतान नहीं किया। भुगतान न होने पर विचार करने के बाद ऐसे बकायेदारों के विरुद्ध नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 507, 508, 509, 510 व 513 में दिये प्रावधानों के अनुसार चल संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई पुलिस बल की उपस्थिति में करने का निर्णय लिया है।
नोटिस में कहा गया है कि यदि चल संपत्ति कुर्की से बकाया की धनराशि प्रति पूर्ति नहीं होती है तो धारा 512 के तहत अचल संपत्ति को कुर्क किया जाएगा। कुर्की के दौरान चल संपत्ति के रूप में मोटर कार, फ्रिज, एसी, कूलर फर्नीचर, टीवी एवं भवन का अन्य सामान और बैंक खाता आदि कुर्क कर उससे बकाया संपत्ति कर की भरपाई की जायेगी। कुर्की/नीलामी की कार्रवाई चारों जोन के जोनल अधिकारी/कर अधीक्षक की ओर से की जायेगी। नगर आयुक्त ने भवन स्वामियों को एक मौका देते हुए कहा है कि यदि कार्रवाई से पूर्व जिन भवन स्वामियों ने संपत्ति के बकाया की धनराशि प्रकाशन शुल्क के साथ नगर निगम कोष में जमा कर दी तो उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाएगी।
