Bareilly : जॉर्जिया में पहाड़ी से गिरकर मेडिकल के छात्र सफवान की मौत...शव बरेली लाने की लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली के देवरनियां थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा गनीमत निवासी मो. सफवान की जॉर्जिया में रविवार को दोस्तों के साथ पहाड़ी पर घूमते समय पैर फिसलने से गिरकर माैत हो गई। सफवान जॉर्जिया की सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ यूरोप से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे।

सफवान ने डॉ. बनने का सपना देखकर 2021 में यूक्रेन से मेडिकल की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन यूक्रेन और रूस में युद्ध शुरू होने के कारण उन्होंने जॉर्जिया पहुंच कर अपनी पढ़ाई जारी रखी। वह एमबीबीएस के अंतिम वर्ष के छात्र थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद भारत लौटने की योजना बना रहे थे। जवान बेटे की मौत की सूचना परिवार को सफवान के दाेस्तों के माध्यम से मिली। सूचना सुनकर परिवार का रो-राेकर बुरा हाल हो गया। सफवान के परिवार में पिता, माता, छोटा भाई और दो शादीशुदा बहनें हैं। पिता इरफान अहमद पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। छोटे भाई मुआज भी जॉर्जिया में पढ़ाई कर रहे थे। कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर भारत आए थे।

बड़े बेटे हाेने की वजह से सफवान की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। सफवान की असमय मौत होने से परिवार को पूरे गावं के लोग घर पहुंच कर शोक संवेदनाएं देने पहुंच रहे हैं। परिवार और गांव के लोगों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह उनके बेटे का पार्थिव शरीर को भारत जल्द से जल्द वापस लाने की प्रक्रिया में मदद करे, ताकि वे उसे सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दे सकें। बरेली के छात्र असद अंसारी ने भी एक्स पर पोस्ट करके सरकार से जल्द से जल्द शव भारत लाने की मांग की हैं।

संबंधित समाचार