लखनऊ एयरपोर्ट पर घने कोहरे के चलते हवाई यातायात प्रभावित, कई उड़ाने घंटों लेट
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर भारत में बढ़े घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात और शनिवार सुबह उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। विशेषकर लखनऊ से दिल्ली और मुंबई आने-जाने वाली उड़ानें कई घंटों की देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आलम यह है कि एक घंटे का सफर उन्होंने छह घंटे में पूरा किया।
लखनऊ से दिल्ली और मुंबई की आने-जाने वाली उड़ानों पर सबसे ज्यादा असर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (आईएक्स1040) शुक्रवार की रात दिल्ली लखनऊ के लिए रात 10ः30 बजे उड़ान भरने वाला था। इसको पहले करीब सवा घंटे लेट बताया गया। उसके बाद फिर एक घंटे और आखिरकार करीब छह घंटे बाद सुबह 04ः20 बजे विमान उड़ान भर सका। इसी तरह कई और शहरों की फ्लाइट भी लेट हुईं हैं।
शनिवार को अमौसी एयरपोर्ट से जाने वाले विमानों में दुबई का विमान (आईएक्स-193) करीब पांच घंटे, मस्कट का विमान (ओवी-706) एक घंटे, दिल्ली का विमान (6ई-6489) करीब दो घंटे, दिल्ली का ही विमान (आईएक्स-1507) करीब चार घंटे, मुंबई का विमान (6ई-6938) करीब एक डेढ़ घंटे, मुंबई का विमान (एआई-2492) करीब पौने तीन घंटे, दिल्ली का विमान (6ई-758) करीब एक घंटे, देहरादून का विमान (6ई-515) करीब साढ़े चार घंटे, अहमदाबाद का विमान (6ई-6968) करीब सवा घंटे, चेन्नई का विमान (6ई-518) करीब दो घंटे की देरी से उड़ान भर सका। वहीं अमौसी एयरपोर्ट पर आने वाले विमानों में मुंबई की उड़ान (6ई-5264) करीब दो घंटे, दुबई की फ्लाइट आईएक्स 194 चार घंटे, मुंबई का विमान (6ई-6937) एक घंटे, मुंबई का विमान (एआई-2491) तीन घंटे, चेन्नई का विमान करीब सवा दो घंटे की देरी से लखनऊ आ सका।
