लखनऊ में महिलाओं ने लिया डबल डेकर की मुफ्त सवारी का आनंद, सालभर में 3,065 महिलाओं ने उठाया नि:शुल्क सेवा का लाभ
लखनऊ, अमृत विचारः हर शनिवार महिलाओं के लिए चलाई जा रही डबल डेकर बस में नि:शुल्क यात्रा सुविधा का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया है। कमता से अमौसी के बीच संचालित इस सुविधा में नवंबर 2024 से नवंबर 2025 के दौरान कुल 84, 604 यात्रियों ने सफर किया। इनमें से 3,065 महिलाओं ने शनिवार को मिलने वाली नि:शुल्क यात्रा का जमकर लाभ उठाया। सालभर में करीब 52 शनिवार पड़ते हैं यानी लगभग 59 महिलाओं ने डबल डेकर की मुफ्त सेवा का आनंद लिया। बता दें कि यह सुविधा सुबह 8 से देर शाम 8 बजे तक चलती है।
परिवहन निगम की इस सुविधा का लाभ महिलाओं के लिए खास इसलिए भी है कि एक तो उनकी यात्रा नि:शुल्क है। परिवार के जो लोग साथ आए उनमें भी महिलाओं को टिकट नहीं लेना पड़ता। ड्यूटी करने वाली महिला हों या फिर कामकाजी दोनों के लिए यह मुफ्त सेवा लाभकारी होती है। कारण यह है कि दूसरे दिन रविवार का अवकाश होता है। ऐसे में महिलाओं को डबल डेकर का यह सफर खूब रास आता है।
क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि महिलाओं को बस सेवा की ओर आकर्षित करने और उन्हें अधिकतम लाभ प्रदान करने के लिए हर शनिवार नि:शुल्क यात्रा उपलब्ध कराई जाती है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन से जोड़ना है। सालभर में तीन हजार से अधिक महिलाओं ने इन सेवाओं में सफर किया है।
